Advertisement
19 June 2016

जिम्बाब्वे: बलात्कार मामले में भारतीय खिलाड़ी-अधिकारी की कथित भूमिका पर विवाद

google

बलात्कार मामले में यह विवाद तब खड़ा हुआ जब जिम्बाब्वे मीडिया में खबर आई कि एक भारतीय क्रिकेटर को बलात्कार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि खबर में उस खिलाड़ी का नाम नहीं दिया गया था। रिपोर्ट में कहा गया कि अफ्रीकी देश के भारतीय दूत आर मासाकुई ने बीती रात हरारे के होटल में खिलाड़ी की गिरफ्तारी रोकने की कोशिश की। हालांकि मासाकुई ने मीडिया की अटकलों को सीधे तौर पर खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, वह भारतीय टीम से जुड़ा हुआ नहीं था जो जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज खेल रही है। बताया गया कि गिरफ्तार किए गए दो व्यक्तियों में से एक श्रृंखला के प्रायोजकों में से एक से जुड़ा अधिकारी है। भारतीय दूत मासाकुई ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हालांकि यह स्पष्ट करता हूं कि कोई क्रिकेटर इसमें शामिल नहीं है। हम उस व्यक्ति से संपर्क बनाने के लिए दूतावास के अधिकारियों की मदद ले रहे हैं और हरारे में भारतीय दूतावास इस मामले पर निगाह रखे है। हम इस घटनाक्रम के बारे में भारत सरकार को सूचित करेंगे।

 

बीसीसीआई ने भी इस बारे में स्पष्ट किया कि उसका कोई भी खिलाड़ी या अधिकारी इस कथित घटना में लिप्त नहीं है। बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा, इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। इस में कोई भी भारतीय क्रिकेटर या कोई भी मैच अधिकारी शामिल नहीं है। उनका इस घटना से कोई लेना-देना नही है। अगर कोई व्यक्ति इसमें शामिल है जो बीसीसीआई या टीम का हिस्सा नहीं है तो हम उसके बारे में टिप्पणी नहीं कर सकते। ठाकुर ने कहा, मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि बीसीसीआई कर्मचारी या मैच अधिकारी या खिलाड़ियों का इस घटना से कुछ भी लेना-देना नहीं है।

Advertisement

 

भारत में आधिकारिक सूत्रों ने इस रिपोर्ट से इनकार किया है, जिससे सोशल मीडिया में आज हलचल मची हुई है। सूत्रों ने कहा, हरारे में बलात्कार के कथित आरोप में भारतीय क्रिकेटर के संबंध में आई मीडिया रिपोर्टो के बारे में हमने जिम्बाब्वे में हमारे राजदूत से बात की है। रिपोर्ट पूरी तरह झूठ है। कोई भी भारतीय क्रिकेटर इसमें शामिल नहीं है। सूत्र ने कहा, प्रायोजकों में से एक से जुड़े भारतीय को गिरफ्तार किया गया है। उसने भी आरोप से इनकार किया है और कहा है कि वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिये डीएनए परीक्षण भी कराने को तैयार है। हमारे राजदूत इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार व्यक्तियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और वे कल हाई कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: भारतीय क्रिकेट टीम, जिम्बाब्वे दौर, विवाद, बलात्कार, भारतीय क्रिकेटर, भारतीय दूत, आर मासाकुई, बीसीसीआई, बीसीसीआई अध्यक्ष, अनुराग ठाकुर, भारत सरकार, प्रायोजक, डीएनए परीक्षण, Indian Cricket Team, Zimbabwe Tour, Controversy, Rape, Indian Cricketer, Indian Ambassador, R Ma
OUTLOOK 19 June, 2016
Advertisement