Advertisement
25 November 2023

आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड! मुंबई इंडियंस से जुड़ सकते हैं गुजरात के कप्तान पंड्या

भारत के टी20 कप्तान हार्दिक पंड्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस में शामिल हो सकते हैं। आईपीएल नीलामी से पहले ‘ट्रेडिंग’ में उनके गुजरात टाइटंस छोड़कर फिर से मुंबई इंडियंस से जुड़ने के कयास अब चरम पर हैं। 

हालांकि, पीटीआई भाषा के अनुसार मुंबई इंडियंस ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में 26 नवंबर तक तस्वीर साफ होने का अनुमान है, जब आईपीएल की ‘ट्रेडिंग विंडो’ (खिलाड़ियों का आदान-प्रदान) बंद हो जाएगी।

गुजरात टाइटंस के घटनाक्रम पर नजर रखने वाले आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, "हां, हार्दिक के मुंबई से जुड़ने की चर्चा चल रही है। मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं। उनके टीम बदलने की संभावना है लेकिन अभी इससे अधिक पुष्टि नहीं की जा सकती, क्योंकि अभी तक अनुबंध पर हस्ताक्षर नहीं हुए हैं।"

Advertisement

गौरतलब है कि हार्दिक आईपीएल में सात सत्र तक मुंबई की तरफ से खेले और उन्हें 2022 के सत्र से पहले रिलीज कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें गुजरात टाइटंस ने अपना कप्तान बनाया। हार्दिक की कप्तानी में गुजरात दो सीजन में दो बार फाइनल में पहुंचा और एक बार खिताब जीतने में कामयाब रहा।

बता दें कि फ्रेंचाइजी टीमों के बीच खिलाड़ियों का आदान-प्रदान होता है और यह अभी स्पष्ट नहीं है कि अगर हार्दिक मुंबई से जुड़ते हैं तो उनकी जगह कौन सा खिलाड़ी गुजरात की टीम से जुड़ेगा। रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि हार्दिक पंड्या के बदले मुंबई इंडियंस गुजरात को 15 करोड़ रुपए नगद देगी। 

मुंबई की तरफ से अभी इस बात की भी पुष्टि नहीं हो पाई है कि उसने जोफ्रा आर्चर को रिलीज करने का फैसला किया है या नहीं। मुंबई ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज को आठ करोड़ रुपए की मोटी धनराशि में खरीदा था, लेकिन चोटिल होने के कारण वह पिछले दो सत्र में अधिकतर मैचों में नहीं खेल पाए थे।

अगर गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक मुंबई से जुड़ते हैं तो सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा कि क्या वह रोहित शर्मा की अगुवाई में खेलेंगे जिनके कप्तान रहते हुए मुंबई इंडियंस ने पांच खिताब जीते हैं। लाज़मी है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) आधिकारिक तौर पर अंतिम ट्रेडिंग सूची घोषित करेगा, तभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। लेकिन यह बात तो सच है कि अगर यह ट्रेड होती है तो आईपीएल के इतिहास की सबसे बड़ी प्लेयर ट्रेड होगी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hardik pandya, gujarat Titans, mumbai Indians, rohit sharma, player trade, trading window, indian premier league IPL
OUTLOOK 25 November, 2023
Advertisement