Advertisement
31 October 2017

हाई कोर्ट ने फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष पद से प्रफुल्ल पटेल को हटाया

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआइएफएफ) का चुनाव दिल्ली हाई कोर्ट ने रद कर दिया है। इन चुनावों में पूर्व केंद्रीय मंत्री व एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल को अध्यक्ष चुना गया था। हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय खेल संहिता का पालन नहीं किए जाने के कारण चुनाव रद करने की घोषणा की।

कोर्ट ने एआइएएफ को पांच महीने के भीतर दोबारा चुनाव कराने को कहा है। तब तक के लिए पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस. वाई. कुरैशी को संघ का अंतरिम प्रशासक नियुक्त किया है। खेल कार्यकर्ता राहुल मेहरा द्वारा दायर जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति एस रविन्द्र भट्ट और न्यायमूर्ति नजमी वजीरी की पीठ ने यह फैसला सुनाया।

पिछले साल दिसंबर में वार्षिक आम बैठक में पटेल को सर्वसम्मति से एआइएफएफ का अध्यक्ष चुना गया था। 2009 में पहली बार चुने जाने के बाद से उन्हें तीसरी बार इस पद के लिए चुना गया था। पटेल फुटबॉल संघ के अलावा एशियन फुटबॉल कंफेडरेशन (एएफसी) और फीफा में भी अहम पदों पर रह चुके हैं। उनके नेतृत्व में ही भारत ने 29 अक्टूबर को संपन्न हुए फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप की सफल मेजबानी की थी। 2019 में अंडर-20 विश्‍व कप की मेजबानी के लिए भी भारत ने औपचारिक तौर पर दावेदारी की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: High Court, Praful Patel, AIFF, फुटबॉल, फीफा, एस. वाई. कुरैशी
OUTLOOK 31 October, 2017
Advertisement