Advertisement
19 November 2017

अयाना ने हाफ मैराथन में पहला स्वर्ण जीता, लेगेसे ने पुरूषों की रेस जीती

इथियोपिया की वर्ष की सर्वश्रेष्ठ एथलीट अलमाज अयाना ने पहली बार दिल्ली हाफ मैराथन में भाग लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन बेरहानू लेगेसे ने पुरूषों के वर्ग में खिताब अपने नाम किया। वायु प्रदूषण को लेकर चिंता के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने रविवार को इसमें भाग लिया।

महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में विश्व रिकॉर्डधारी अयाना ने रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। लंबी दूरी में दुनिया की शीर्ष धाविका अयाना ने एक घंटे सात मिनट और 11 सेकंड में रेस जीती। इथियोपिया ने तीनों शीर्ष स्थानों पर कब्जा किया। अबादेल येशानेह और नेतसानेत गुदेता क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। उन्होंने 21.097 किलोमीटर की दूरी क्रमश: एक घंटे सात मिनट और 19 सेकंड और एक घंटे सात मिनट 24 सेकंड में पूरी की। गत चैम्पियन वर्कनेश डेगेफा पांचवें स्थान पर रहीं।

Advertisement

पुरूषों की एलीट रेस में 2015 के विजेता लेगेसे ने 59 मिनट 46 सेकंड में रेस पूरी करके खिताब जीता। इथियोपिया के अनाडामलाक बेलिहू 59.51 मिनट का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहे। अमेरिका के लियोनार्ड कोरिर तीसरे स्थान पर रहे जिन्होंने 59.52 मिनट का समय निकाला। महिला और पुरूष दोनों विजेताओं को 27000 डॉलर मिले। अयाना और लेगेसे हालांकि मैराथन का 1:06:54 और 59:06 मिनट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके।

अयाना ने जीत के बाद कहा ,‘‘ मैं थोड़ी नर्वस थी और समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करूं। दूसरे धावकों का अनुसरण करूं या बढ़त बना लूं। कोर्स बहुत अच्छा था, लेकिन ठंडे मौसम से थोड़ी दिक्कत हुई। भाषा की समस्या भी थी (चूंकि उसे अंग्रेजी नहीं आती)।’’ भारतीय महिलाओं में एल सूरिया ने कोर्स रिकॉर्ड (भारतीयों का) तोड़कर 1:10:31 की टाइमिंग के साथ स्वर्ण पदक जीता। लंबी दूरी की धाविका सुधा सिंह (1:11:30) और पारूल चौधरी (1:13:09) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। ओलंपियन नितेंद्र सिंह रावत ने भारतीय पुरूषों की रेस जीती जिन्होंने 1:03:53 का समय निकालकर कोर्स का नया रिकॉर्ड बनाया। नाटकीय फोटो फिनिश में जी लक्ष्मणन ने भी यही समय निकाला, लेकिन दशमलव के बाद की गणना के आधार पर वह दूसरे स्थान पर रहे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: दिल्ली हाफ मैराथन, अयाना, लेगेसे, Delhi Half Marathon, Ayana, Legese
OUTLOOK 19 November, 2017
Advertisement