Advertisement
13 September 2019

मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने धोनी के संन्यास की खबरों का किया खंडन, जानिए क्या कहा

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरों पर नया खुलासा हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट टीम के एलान के बाद बीसीसीआई के हवाले से संन्यास की खबरों का खंडन किया गया। अटकलें लगाई जा रही थीं कि धोनी आज शाम संन्यास का एलान करने वाले हैं।

कोहली के एक ट्वीट ने फैलाई यह खबर

एमएस धोनी के रिटायरमेंट लेने की खबरों पर मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि धोनी के संन्यास लेने को लेकर कोई अपडेट नहीं है। उनसे जुड़ी यह खबर पूरी तरह गलत है। दरअसल, भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को एक फोटो ट्वीट किया है, जिसमें उनके साथ महेंद्र सिंह धोनी भी हैं। हालांकि, विराट के इस ट्वीट की टाइमिंग थोड़ी हैरान कर रही है। इस ट्वीट के बाद धोनी के रिटायरमेंट की अटकलें लगने लगी हैं। बता दें कि धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास की घोषणा कर चुके हैं।

Advertisement

वर्ल्ड टी-20 2016 की फोटो है

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को अपने टि्वटर हैंडल पर एक फोटो पोस्ट किया है। यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टी-20 2016 के मैच का फोटो है। यह मुकाबला क्वॉर्टर फाइनल की तरह था। भारत ने इस मुकाबले में 6 विकेट से जीत हासिल की थी। कोहली ने तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टैग करते हुए इस फोटो के साथ लिखा है कि इस मैच में मुझे इन्होंने फिटनेस टेस्ट की तरह दौड़ाया था।

30 वर्षीय कोहली ने ट्वीट के साथ लिखा, 'यह एक मैच है जिसे मैं कभी नहीं भूल सकता। इस इंसान ने मुझे फिटनेस टेस्ट की तरह दौड़ाया।' तस्वीर में मैच खत्म होने के बाद कोहली घुटने पर बैठकर जश्न मना रहे हैं और धोनी उनकी ओर बढ़ रहे हैं।

पिछली दो सीरीज से टीम में नहीं है शामिल

महेंद्र सिंह धोनी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 टीम में जगह नहीं दी गई है। इससे पहले वेस्टइंडीज के दौरे में भी टीम में शामिल नहीं थे। तब बीसीसीआई की तरफ से जारी बयान में कहा गया था कि धोनी खुद इस दौरे में शामिल नहीं होना चाहते थे। विंडीज दौरे के समय धोनी भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए कश्मीर गए थे। इस दौरान ऋषभ पंत टीम में विकेटकीपर के तौर पर रखे गए। 

TAGS: Chief selector, MSK Prasad, refused, Dhoni's retirement
OUTLOOK 13 September, 2019
Advertisement