Advertisement
04 August 2022

CWG 2022: सौरव घोषाल और तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास, छठे दिन भारत ने जीते पांच पदक

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने छठे दिन भी अपना दमदार प्रदर्शन जारी रखा। कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले पांच दिन तक भारत के पास 13 पदक थे। भारतीय खिलाड़ियों ने छठे दिन एक के बाद एक 5 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। सौरव घोषाल और तेजस्विन शंकर ने अपने-अपने खेलों में मेडल जीतते हुए इतिहास रचा, वहीं वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत और गुरदीप ने मेडल की संख्या बढ़ाई। इनके अलावा जुडोका तूलिका भी सिल्वर मेडल पर कब्जा करने में कामयाब रही।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अब तक भारत ने कुल 18 पदक जीते हैं, जिसमें पांच स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत सातवें स्थान पर है।

सौरव घोषाल ने पुरुष एकल स्क्वॉश के कांस्य पदक के एकतरफा मुकाबले में इंग्लैंड के दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जेम्स विल्सट्रॉप को सीधे गेम में 3-0 से हरा दिया। राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वॉश एकल स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद 35 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी की आंखे नम हो गई।

Advertisement

 

पीएम मोदी ने सौरव घोषाल की जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि घोषाल के एक मेडल से देश में स्क्वाश के खेल के प्रति युवाओं की रूचि और बढ़ेगी। 

पीएम ने ट्वीट में लिखा, ‘सौरव घोषाल सफलता की नई ऊंचाइयां छू रहे हैं ये देखकर खुशी हो रही है। बर्मिंघम में जो कांस्य पदक उन्होंने जीता है वो बेहद खास है। घोषाल को बधाई। उनकी उपलब्धि भारत के युवाओं के बीच स्क्वैश की लोकप्रियता को बढ़ाने में मदद करेगी।’

सौरव के अलावा हाई जंप में तेजस्विन शंकर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में पहला पदक जीता। 2.22 मीटर के जंप के साथ इस एथलीट ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।

वहीं 6ठें दिन भी वेटलिफ्टिंग में भारतीय खिलाड़ियों का उम्दा प्रदर्शन जारी रहा। गुरदीप सिंह ने 109 प्लस किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं लवप्रीत ने 109 किलो वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। 26 वर्ष के गुरदीप ने स्नैच में 167 और क्लीन एंड जर्क में 223 किलो समेत कुल 390 किलो वजन उठाया। वहीं लवप्रीत ने स्नैच में 163 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 192 किलोग्राम के साथ कुल 355 किलोग्राम वजन उठाया।

भारत को दिन का एकमात्र सिल्वर मेडल जुडोका तूलिका मान ने महिलाओं की 78 प्लस किलो वर्ग में दिलाया। 3 मिनट 29 सेकंड तक चले फाइनल मुकाबले को तूलिका ने इपपोन के जरिए जीता। राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का जूडो में यह तीसरा मेडल है।

भारत के पदक विजेता

5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम

6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान

7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर

मेडल टैली में सातवें स्थान पर पहुंचा भारत

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में छठे दिन के खेल तक मेडल टैली में भारत टॉप टेन में बना हुआ है। इस सूची में भारत 18 पदकों के साथ सातवें स्थान पर मौजूद है। इसमें 48 गोल्ड सहित 123 पदक जीतकर ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर बना हुआ है। वहीं मेजबान इंग्लैंड इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 39 गोल्ड सहित कुल 105 मेडल जीत लिए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर मौजूद कनाडा ने 16 गोल्ड सहित 57 मेडल अभी तक अपने नाम किए हैं। वहीं न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ियों ने अभी तक 16 गोल्ड सहित कुल 38 पदक जीते हैं। इसके बाद पांचवें स्थान पर 7 गोल्ड मेडल जीतकर स्कॉटलैंड का नाम है। वहीं भारत से एक गोल्ड ज्यादा जीतकर अफ्रीका छठे स्थान पर है। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अब तक भारत ने कुल 18 पदक जीते हैं, जिसमें 5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज़ पदक शामिल हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: CWG 2022, Saurav Ghoshal, Tejaswin Shankar, create history, India won five medals, sixth day, Common wealth Games 2022
OUTLOOK 04 August, 2022
Advertisement