Advertisement
13 January 2018

ग्रेटर नोएडा: अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज की गोली मारकर हत्या

File Photo

ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर थाना क्षेत्र के एवीजे हाइट्स अपार्टमेंट में अज्ञात बदमाशों ने एक अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज की गोली मारकर हत्या कर दी।

एसपी देहात सुनिति सिंह ने बताया कि मुक्केबाज जितेन्द्र मान (27) का शव अपार्टमेंट में स्थित उनके फ्लैट में मिला। उन्होंने बताया कि जितेन्द्र इन दिनों अल्फा-1 में चल रहे एक जिम में प्रशिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 10 जनवरी की सुबह जितेंद्र जिम गए थे। जिम से जाने के बाद उसका मोबाइल फोन बंद था।

जितेंद्र के फ्लैट की एक चाबी फिटनेस अकेडमी के संचालक प्रीतम टोकस के पास भी थी। जितेंद्र के बारे में जब कुछ पता न चला तो प्रीतम ने शुक्रवार दोपहर फ्लैट पर जाकर अपनी चॉबी से ताला खोला। तब उन्हें पता चला कि अंदर जितेंद्र मान का शव गोलियों से छलनी पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

Advertisement

एसपी ने बताया कि हत्या करने के बाद बदमाशों ने फ्लैट का दरवाजा बंद कर दिया और जितेंद्र का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि जितेंद्र के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाल दिया गया है तथा अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। जिसकी मदद से बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

TAGS: Former boxer's body, with bullet wounds, found, Greater Noida
OUTLOOK 13 January, 2018
Advertisement