Advertisement
07 October 2023

एशियाई खेल: भारत ने 25वें 'गोल्ड' के साथ पूरा किया पदकों का 'शतक', जानें कितने सिल्वर और ब्रॉन्ज जीते

चीन के हांगझू में खेले जा रहे 19वें एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना ऐतिहासिक प्रदर्शन दिन प्रतिदिन जारी रखा है। अब शनिवार को भारतीय महिला कबड्डी टीम के गोल्ड मेडल जीतते ही भारत ने 100 पदकों का आंकड़ा छू लिया है।

भारतीय महिलाओं ने कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को 25वां गोल्ड मेडल दिलाया है। साथ ही भारत के नाम अबतक 35 रजत पदक और 40 कांस्य पदक भी हैं। बता दें कि यह एशियाई खेलों में भारत का अबतक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।

विदित हो कि पदक तालिका में में चीन 356 मेडल के साथ पहले नंबर पर है। चीन ने 188 गोल्ड, 105 सिल्वर और 63 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। वहीं, जापान 47 गोल्ड के साथ 169 मेडल जीतकर दूसरे स्थान पर है। कोरिया तीसरे नंबर पर है। कोरिया ने 36 गोल्ड, 50 सिल्वर और 86 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। 

Advertisement

एशियाई खेल 2023 में स्वर्ण पदक मैच में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ 14-9 की बढ़त ले ली। हांगझू में अपने अभियान के शुरुआती मैच में दोनों टीमों ने 34-34 से टाई खेला था। 

बता दें कि भारतीय रेडरों ने पहले हाफ में छह बोनस अंक हासिल किए। वहीं, दूसरे हाफ में चीनी ताइपे ने बढ़त बनाई और 16 अंक हासिल किए, जबकि भारतीय 12 अंक ही हासिल कर पाए। 

हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय रेडरों ने दो बोनस अंक हासिल किए। लेकिन अंत में, पहले हाफ में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण, भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों ने शनिवार को चीनी ताइपे के खिलाफ 26- 25 से जीत हासिल कर महिला टीम कबड्डी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा, "एशियाई खेलों में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि! भारत के लोग इस बात से रोमांचित हैं कि हम 100 पदकों की उल्लेखनीय उपलब्धि तक पहुंच गए हैं। मैं अपने अभूतपूर्व एथलीटों को हार्दिक बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है।"

"प्रत्येक विस्मयकारी प्रदर्शन ने इतिहास रचा है और हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है। मैं 10 तारीख को हमारे एशियाई खेलों के दल की मेजबानी करने और हमारे एथलीटों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।"

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने एक्स पर लिखा, "पूर्ण वर्चस्व! हमारी महिला कबड्डी टीम चीनी ताइपे टीम को हराकर और प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक हासिल करके विजयी हुई है। महिला टीम के अद्वितीय कौशल, दृढ़ता और टीम वर्क ने देश को गौरवान्वित किया है। और भारत ने कुल मिलाकर रिकॉर्ड बनाया है। एशियन गेम्स 2022 में अब तक 100 पदक। जश्न मनाने और संजोने का एक क्षण।"

इससे पहले गुरुवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने नेपाल को 61-17 से हराकर महिला कबड्डी के फाइनल में जगह बनाई थी। इस बीच, भारत और इस्लामिक गणराज्य ईरान आज दोपहर 12:30 बजे हांग्जो में 19वें एशियाई खेलों में पुरुष कबड्डी फाइनल में आमने-सामने होंगे।

गौरतलब है कि भारत फिलहाल कुल 100 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Asian games 2022, china hangjhou asian games, indian team, Women's kabaddi team, gold medal, 100 medals, medal tally
OUTLOOK 07 October, 2023
Advertisement