Advertisement
28 February 2017

जीतू राय ने जीता कांस्य पदक

google

उनतीस वर्षीय जीतू ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में कुल 216.7 अंक का स्कोर बनाया जिससे वह पोडियम में तीसरे स्थान पर रहे। एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के रजत पदकधारी जीतू पहली सीरीज में सातवें स्थान पर थे जिसमें 8.8 का स्कोर शामिल था। लेकिन उन्होंने दूसरी सीरीज में दो बार 10.6 और एक बार 10 अंक का निशाना लगाकर वापसी की। इस सीरीज के अंत में राय 98.7 अंक से छठे स्थान पर थे।

डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही प्रतियोगिता के इस फाइनल में एलिमिनेशन चरण तक उन्होंने इस स्तर को कायम रखा। उन्होंने दो बार 10 अंक जुटाए और बढ़त जारी रखी। सेना का यह निशानेबाज दो बार फिर 10.6 अंक हासिल कर पदक की दौड़ में आ गया और 9.9 अंक से कांस्य पदक सुनिश्चित किया। वह चीन के झानयी जु (197.9 अंक) से आगे रहे।

राय वियतनाम के जुआंग विंह होआंग पर 0.1 अंक की बढ़त बनाए थे और रजत पदक की दौड़ में थे लेकिन 8.6 अंक से उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। स्वर्ण पदक जापान के तोमोयुकी मातसुदा के नाम रहा जिन्होंने 240.1 अंक का विश्व रिकार्ड बनाया जबकि वियतनाम के होआंग ने 236.6 अंक से रजत पदक हासिल किया। दो अन्य भारतीय निशानेबाज ओमकार सिंह और अमनप्रीत सिंह एयर पिस्टल स्पर्धा में थे लेकिन वे क्वालीफिकेशन चरण से आगे नहीं बढ़ सके। (एजेंसी)

TAGS: जीतू राय, पिस्टल, निशानेबाज, कांस्य, पदक, एयर
OUTLOOK 28 February, 2017
Advertisement