Advertisement
14 November 2019

दुती चंद टाइम पत्रिका की 100 नेक्स्ट सूची में शामिल, सीएम नवीन पटनायक ने दी बधाई

दुती चंद टाइम पत्रिका की 100 नेक्स्ट सूची में शामिल, नवीन पटनायक ने दी बधाई

भारतीय फर्राटा धाविका दुती चंद को टाइम पत्रिका की दुनिया की सबसे प्रभावी 100 व्यक्तियों की सूची के विस्तार के अंतर्गत शुरू की गई ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ सूची में शामिल किया गया है। यह सूची ‘टाइम’ पत्रिका ने शुरू की है जिसमें 100 उदीयमान सितारों को शामिल किया गया जो व्यवसाय, मनोरजंन, खेल, राजनीति, स्वास्थ्य और विज्ञान में भविष्य बनाने को तैयार हैं।

मैं इस सम्मान से खुश हूं

इस सम्मान के बाद दुती ने कहा मैं इस सम्मान से खुश हूं। मैं लैंगिक समानता में भरोसा रखती हूं। मैं खेलों में युवा बालिकाओं और महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ना जारी रखूंगी। दुती ने जकार्ता एशियाई खेलों में 100 मीटर और 200 मीटर स्पर्धा में दो रजत पदक जीते थे। वह वर्ल्ड यूनिवर्सियाड खेलों में 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय धाविका हैं। उन्हें आईएएएफ ने दोहा विश्व चैम्पियनशिप में महिलाओं की 100 मीटर रेस में भाग लेने का न्यौता दिया था लेकिन वह हीट में ही 11 .48 सेकंड की टाइमिंग के साथ बाहर हो गई थी।

Advertisement

राज्य को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है

वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुनिया के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची ‘टाइम 100 नेक्स्ट’ में शामिल होने पर फर्राटा धाविका दुती चंद को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है। पटनायक ने ट्विटर पर लिखा कि ओडिशा की फर्राटा धाविका दुती चंद को टाइम मैगजीन की 100 नेक्स्ट सूची में आने पर बधाई। ओडिशा को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है। शुभकामनायें।

पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दी बधाई

साथ ही पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी लिखा कि दुती चंद को बधाई। भारत की सबसे तेज भागने वाली महिला अब टाइम 100 नेक्स्ट सूची में। उम्मीद है कि वह ट्रैक पर और उससे बाहर भी देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

TAGS: Dutee Chand, named, TIME 100 Next, Odisha CM, congratulates
OUTLOOK 14 November, 2019
Advertisement