Advertisement
22 August 2016

पीवी सिंधू और साक्षी मलिक सहित चार खिलाडि़यों को खेल रत्न पुरस्कार

PTI

बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु ने जहां रियो ओलंपिक में महिला एकल का रजत पदक जीतकर नया इतिहास रचा वहीं साक्षी ने महिला कुश्ती के 58 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया। ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिम्नास्ट दीपा केवल 0.15 अंक के अंतर से कांस्य पदक से चूक गयी लेकिन उनके जोखिम भरे प्रोदुनोवा में शानदार प्रदर्शन ने देश के लोगों का दिल जीत लिया था। जीतू ने पिछले दो वर्षों में कई पदक जीते जिनमें एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण तथा विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक शामिल हैं।

इसके अलावा मंत्रालय ने अर्जुन पुरस्कार के लिये 15 खिलाडि़यों का चयन किया। इनमें मुक्केबाज शिव थापा, लंबी दूरी की धाविका ललिता बाबर, क्रिकेटर अंजिक्य रहाणे, हाकी खिलाड़ी वीआर रघुनाथ और रानी रामपाल भी शामिल हैं।

इस साल का द्रोणाचार्य पुरस्कार छह प्रशिक्षकों को दिया जाएगा। इनमें दीपा के कोच बिश्वेश्वर नंदी और भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली के मेंटर राजकुमार शर्मा भी शामिल हैं। इनके अलावा जिन अन्य को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा उनमें नागपुरी रमेश (एथलेटिक्स),  सागर मल दयाल (मुक्केबाजी) , प्रदीप कुमार (तैराकी, लाइफटाइम) और महावीर सिंह (कुश्ती, लाइफटाइम) शामिल हैं।

Advertisement

ध्यानचंद लाइफटाइम उपलब्धि पुरस्कार सती गीता (एथलेटिक्स), सिल्वानुस डुंग डुंग ( हॉकी) और राजेंद्र प्रहलाद शल्के (रोइंग) को दिया जाएगा।

पंजाबी विश्वविद्यालय पटियाला को मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्राफी 2015 - 16 से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को दिये जाते हैं। खेल रत्न पुरस्कार सबसे बेजोड़ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। इसमें पदक के अलावा प्रशस्ति पत्र और 7.5 लाख रूपये की नकद राशि दी जाती है।

अर्जुन पुरस्कार भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को दिया जाता है जबकि द्रोणाचार्य पुरस्कार उन कोच को दिया जाता है जिन्होंने अच्छे खिलाड़ी तैयार करने में योगदान दिया हो। ध्यानचंद पुरस्कार खेलों के विकास में आजीवन योगदान के लिये दिया जाता है। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं को प्रतिमा, प्रमाणपत्र और पांच लाख रूपये की नकद धनराशि मिलती है। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार में ट्राफी और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। अंतरविश्वविद्यालय टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को माका ट्राफी दी जाती है जिसकी पुरस्कार राशि दस लाख रूपये है। इसमें प्रमाणपत्र भी मिलता है। पुरस्कार पाने वाले खिलाडि़यों का चयन एक समिति करती है जिसमें पूर्व ओलंपियन, अर्जुन पुरस्कार विजेता, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता, ध्यानचंद पुरस्कार विजेता, खेल पत्रकार, विशेषज्ञ, कमेंटेटर और खेल प्रशासक शामिल होते हैं। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और अर्जुन पुरस्कार चयन समिति के अध्यक्ष दिल्ली उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायधीश एसके अग्रवाल थे। द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार चयन समिति की अध्यक्षा एमसी मेरीकोम थी जबकि राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार के चयन पैनल के प्रमुख खेल सचिव राजीव यादव थे। पुरस्कार 29 अगस्त को राष्टपति भवन में आयोजित समारोह में प्रदान किये जाएंगे।

एजेंसी

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajiv Gandhi Khel Ratna Award, P.V. Sindhu, Sakshi Malik, Dipa Karmakar, Jitu Rai राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, पीवी सिंधू, साक्षी मलिक, दीपा कर्मकार जीतू राय
OUTLOOK 22 August, 2016
Advertisement