Advertisement
18 August 2016

नेता-अभिनेता, खिलाड़ी सभी को साक्षी की उपलब्धि पर गर्व

राष्टपति मुखर्जी ने ट्विटर हैंडिल पर लिखा , साक्षी मलिक को रियो ओलंपिक में महिला कुश्ती का पदक जीतने और भारत को गौरवान्वित करने पर हार्दिक बधाई।

भारत की बेटी ने सभी को गौरवान्वित किया- मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने इसे रक्षाबंधन के मौके पर देश को उपहार बताते हुए कहा कि इससे देश के खिलाडि़यों को प्रेरणा मिलेगी। मोदी ने ट्वीट किया,  रक्षाबंधन के इस पावन मौके पर भारत की बेटी साक्षी मलिक ने कांस्य जीतकर हम सभी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा , साक्षी मलिक आने वाले वर्षों में भारत के कई खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करेगी। वित्तमंत्री अरूण जेटली ने लिखा , साक्षी मलिक को रियो में कांस्य जीतने पर बधाई। उन्होंने इतिहास रचकर देश का नाम रोशन किया है। खेलमंत्री विजय गोयल ने ट्वीट किया , साक्षी मलिक को बधाई। भारत के लिये रियो ओलंपिक में पहला पदक , कांस्य पदक जीतने की बधाई। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने लिखा , साक्षी को रियो में कांस्य पदक जीतने की बधाई। भारत की बेटी पर हमें गर्व है। बहुत खूब। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा , बधाई हो साक्षी मलिक। तुमने पूरे देश का नाम रोशन किया है। पूर्व खेलमंत्री अजय माकन ने कहा ,साक्षी मलिक ने भारत को अनमोल तोहफा दिया। यदि चोट नहीं लगी होती तो विनेश फोगाट भी पदक जीतने की दहलीज पर थी। आप पर गर्व है।

Advertisement

देश को साक्षी पर गर्व है - तेंदुलकर

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत देश के नामी-गिरामी खिलाडि़यों ने भी साक्षी मलिक की जमकर तारीफ की है। तेंदुलकर ने कहा कि पूरे देश को साक्षी पर गर्व है। रियो ओलंपिक में भारतीय दल के सद्भावना दूत तेंदुलकर ने ट्वीट किया , सुबह उठते ही क्या शानदार खबर मिली। साक्षी मलिक रियो ओलंपिक में आपके संयम और जज्बे ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। बहुत-बहुत बधाई।

कठिन हालात में लड़कियां ही लाज रखती हैं- सहवाग

पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा , साक्षी मलिक इस बात का सबूत है कि कन्या को नहीं मारने पर क्या हो सकता है। जब हालात कठिन होते हैं तो हमारी लड़कियां ही लाज रखती हैं। भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा , साक्षी मलिक को कांस्य जीतने पर बधाई। हमें आप पर गर्व है। भारत के पूर्व कप्तान और मौजूदा कोच अनिल कुंबले ने लिखा , साक्षी मलिक को इस उपलब्धि पर बधाई। आप पर फख्र है। बीसीसीआई ने ट्वीट किया , साक्षी मलिक को रियो ओलंपिक में हमारा पहला पदक जीतने पर बधाई। भारतीय हाकी टीम के कप्तान पी आर श्रीजेश ने लिखा , साक्षी मलिक को बधाई।

साक्षी को बधाई और अभिनंदन- अभिनव बिंद्रा

भारत के लिये ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाले एकमात्रा खिलाड़ी अभिनव बिंद्रा ने कहा , साक्षी मलिक को बधाई और अभिनंदन। क्या शानदार प्रदर्शन रहा। हर भारतीय का मनोबल बढाने के लिये धन्यवाद।

आपने कईयों के लिए रास्ते खोल दिये हैं- सुशील कुमार

ओलंपिक में दो व्यक्तिगत पदक जीतने वाले एकमात्रा भारतीय पहलवान सुशील कुमार ने साक्षी को बधाई देते हुए कहा , उसने वह कर दिखाया जो पहले कोई भारतीय लड़की नहीं कर सकी। असली हीरो , साक्षी मलिक आपने कइयों के लिये रास्ते खोल दिये हैं जो आपका अनुसरण करेंगी।

लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज एम सी मेरीकाम और बीजिंग ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने भी साक्षी की तारीफ की। मेरीकाम ने लिखा , बधाई हो साक्षी मलिक। रियो ओलंपिक , खेलो इंडिया। विजेंदर ने लिखा , साक्षी मलिक की मां को सलाम जिसने उसे कुश्ती में जाने के लिये प्रेरित किया। आज सवा अरब लोग जश्न मना रहे हैं। लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने ट्वीट किया ,जब कांस्य की अहमियत पीले तमगे से ज्यादा होती है। साक्षी मलिक को सलाम।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साक्षी के आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए कहा , साक्षी मलिक का शानदार प्रदर्शन जिसके पीछे उसका संयम और आत्मविश्वास था। बधाई हो।

महिला शक्ति, जय हिंद- अमिताभ बच्चन

सुपरस्टार अमिताभ बच्चन , आमिर खान, अक्षय कुमार, माधुरी दीक्षित, अनिल कपूर और करण जौहर समेत बालीवुड की कई हस्तियों ने आज भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक को रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर बधाई दी। बच्चन ने ट्वीट किया , भारतीय होने पर गर्व है। साक्षी पर गर्व है। महिला शक्ति। जय हिंद। अपनी अगली फिल्म दंगल में पहलवान बने आमिर ने कहा , बधाई हो साक्षी मलिक। ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान। आपने भारत को गौरवान्वित किया है।

धन्यवाद और बधाई साक्षी- अक्षय कुमार

अक्षय ने लिखा , और यह पहला पदक आया। धन्यवाद और बधाई साक्षी मलिक। तुमने एक अरब लोगों को मुस्कुराने की वजह दी। माधुरी ने कहा , साक्षी मलिक को हमें गौरवान्वित करने पर बधाई। जौहर ने कहा , जीत की भोली मुस्कान और गर्व से भरी हमारी मुस्कान। साक्षी मलिक भविष्य की आस है। अभिषेक बच्चन ने लिखा , साक्षी मलिक को बहुत-बहुत बधाई। अनिल कपूर ने लिखा , बधाई हो साक्षी मलिक। आपके जैसे सितारों से ही भारत चमक रहा है। अभिनेता अर्जुन कपूर ने लिखा , जबर्दस्त उपलब्धि। साक्षी मलिक तुमने आज हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।

एजेंसी

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 18 August, 2016
Advertisement