Advertisement
11 November 2021

IIT ग्रेजुएट है कोहली की बेटी को रेप की धमकी देने वाला आरोपी, थी इतनी सैलेरी

टी20 वर्ल्ड कप भारतीय टीम के लिए निराशाजनक रहा, जहां मैदान पर टीम इंडिया अपने खेल से प्रभावित करने में नाकाम रही तो मैदान के बाहर खिलाड़ियों को ट्रोलिंग का शिकार होना पड़ा। हद तब हो गई जब टीम इंडिया के प्रदर्शन से निराश फैंस ने भारतीय कप्तान विराट कोहली की नौ महीने की बेटी को रेप की धमकी दे डाली। मुंबई पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया। इस तरह की हरकत करने वाला शख्स कोई जाहिल गवार नहीं बल्कि आईआईटी से ग्रेजुएट है।

विराट कोहली की बेटी को मिली धमकियों के बाद दिल्ली महिला आयोग ने भी इस पर एक्शन लिया था। दिल्ली महिला आयोग ने इस मामले में नोटिस जारी कर पुलिस से सवाल किए थे और अभी तक लिए गए एक्शन की जानकारी मांगी थी। वहीं, कोहली के मैनेजर ने भी एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद मुंबई पुलिस के सायबर सेल ने धमकी देने वाले शख्स की खोज शुरू की और आखिरकार बुधवार को उसे हैदराबाद से गिरफ्तार किया।

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस आरोपी की पहचान रामनागेश श्रीनिवास अगुबथिनी के तौर पर हुई है जो कि 23 साल के हैं। रामनागेश ने दो साल पहले ही आईआईटी हैदराबाद से ग्रेजुएशन की थी। इसके बाद उसे एक टॉप फूड एप में नौकरी मिली थी जिसमें उसे सालाना 24 लाख का पैकेज दिया गया था। उसने हाल ही में अपनी नौकरी छोड़ी थी और अमेरिका से मास्टर डिग्री करने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रामनागेश के पिता अब तक समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर उनके बेटे को क्यों गिरफ्तार किया गया। वह भी बेटे के साथ हैदराबाद से मुंबई आ गए हैं।

Advertisement

गौरतलब है कि भारत ने टी-20 वर्ल्डकप में लगातार दो हार का सामना किया है। पहले पाकिस्तान और फिर न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराया। फैंस की टीम इंडिया से नाराजगी इतनी थी कि कुछ लोगों ने सभी सीमाओं को पार कर दिया था। सोशल मीडिया पर कप्तान विराट कोहली के परिवार, उनकी बेटी वामिका को लेकर धमकिया दी जा रही थी और अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा था।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: T-20, India-Pakistan, Virat Kohli, Anushka Sharma, Vamika, graduate from IIT
OUTLOOK 11 November, 2021
Advertisement