Advertisement
25 August 2023

विश्व चैंपियनशिप: नीरज चोपड़ा ने 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए किया क्वालीफाई, एक 'थ्रो' से साधे 'दो निशाने'

ट्विटर/एएनआई

भारत के 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर भारत का नाम रौशन किया है। नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को हंगरी के बुडापेस्ट में प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुष जेवलिन थ्रो फाइनल में अपना स्थान पक्का करने के लिए एक और शानदार प्रदर्शन किया। नीरज ने 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

दरअसल, 19 से 27 अगस्त तक हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित की जा रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में नीरज चोपड़ा (ग्रुप ए क्वालीफायर) ने अपने पहले प्रयास में 88.77 मीटर का भारी थ्रो दर्ज किया, जो 83.00 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क को पार कर गया।

विश्व के शीर्ष क्रम के भाला फेंक खिलाड़ी के रूप में चैंपियनशिप में जाने वाले ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज ने अपना दूसरा और तीसरा प्रयास नहीं किया। इस जबरदस्त थ्रो के साथ, नीरज ने 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

Advertisement

बता दें कि बुडापेस्ट 2023, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 19वें संस्करण, पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता फाइनल का क्वालीफाइंग कट 83.00 मीटर निर्धारित किया गया है। पिछले साल, 25 वर्षीय टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता ने यूजीन में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।

नीरज पहले ही ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वह डायमंड लीग विजेता भी हैं। रविवार को होने वाले फाइनल में कम से कम 12 खिलाड़ी उतरेंगे। भारत के डीपी मनु और किशोर जेना ग्रुप बी में भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि 27 भारतीय एथलीट बुडापेस्ट 23 में 15 स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: World Athletics Championships, Neeraj Chopra, qualifies final, 88.77m throw, first attempt
OUTLOOK 25 August, 2023
Advertisement