Advertisement
13 February 2020

भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी बिमल लकड़ा और असुंता लकड़ा कांग्रेस में हुए शामिल

हॉकी के प्रसिद्ध खिलाड़ी विमल लकड़ा, महिला हॉकी की कप्तान रह चुकी असुंता लकड़ा समेत दर्जनों खिलाडियों और प्रदेश के कई प्रमुख लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। इसके पूर्व कचहरी रोड में कैंप लगाकर सदस्यता अभियान की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने की। बिमल लकड़ा 2002 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे, और असुंता लकड़ा भारत की पूर्व महिला हॉकी खिलाड़ी थी।

कांग्रेस का नेतृत्व महात्मा गांधी जैसे महान पुरुषों ने किया

प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि असली कांग्रेसी वही है जो संविधान पर विश्वास करे। हम 1885 से कांग्रेस पार्टी का सदस्य बना रहे हैं। शुरुआती दौर में जिसने भी चार आने देकर सदस्यता ग्रहण की उसका बड़ा महत्व है। कांग्रेस का नेतृत्व महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे महान पुरुषों ने किया है।

Advertisement

सदस्यता को एक अभियान के रूप में लिया जाएगा

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि पूरे प्रदेश में सदस्यता को एक अभियान के रूप में लिया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दी जाएगी। सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी दुनिया की सबसे बड़ी एवं मजबूत पार्टी है, जिसके अधिवेशन को देखने के लिए दुनिया भर के लोग इकट्ठा होते हैं।

80 प्रतिशत लोग जो पावर से जुड़े हैं उन्हें पहचानने की जरूरत

पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि 20 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जो किसी आइडियोलॉजी से जुड़े हुए हैं लेकिन 80 प्रतिशत लोग पावर से जुड़े होते हैं। ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है क्योंकि कल वो हमारे साथ नहीं रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस के सदस्यता प्रभारी सह प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि पार्टी की सदस्यता की जिम्मेदारी का निर्वह्न पूरी लगन एवं निष्ठा से करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Former, hockey players, Bimal Lakra, Asunta Lakra, joins, Congress.
OUTLOOK 13 February, 2020
Advertisement