Advertisement
02 August 2024

भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की, ओलंपिक में 52 सालों में पहली बार कंगारुओं को हराया

file photo

अपने प्रशंसकों की लंबे समय से जिस तरह की उम्मीद थी, वैसा प्रदर्शन करते हुए भारत ने शुक्रवार को पेरिस ओलंपिक खेलों 2024 के अपने आखिरी पूल बी हॉकी मैच में शक्तिशाली ऑस्ट्रेलिया पर 3-2 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह ओलंपिक खेलों में 52 वर्षों में ऑस्ट्रेलिया पर भारतीय हॉकी टीम की पहली जीत थी। पिछली जीत 1972 में म्यूनिख में मिली थी।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह (13वें, 32वें मिनट) ने खेलों में अपना छठा और इस साल का 26वां गोल करते हुए दो गोल किए, जबकि अभिषेक ने 12वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के लिए गोल टॉम क्रेग (25वें) और ब्लेक गोवर्स (55वें) ने किए।

अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रहे अनुभवी भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने शानदार प्रदर्शन किया और अपनी टीम की बढ़त को बरकरार रखने के लिए कई महत्वपूर्ण बचाव किए। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही पहले ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, लेकिन आज का परिणाम यह तय कर सकता है कि नॉक-आउट चरण में उनमें से प्रत्येक का सामना किससे होगा। पूल-बी में भारत के अलावा न्यूजीलैंड, अर्जेंटीना, आयरलैंड, बेल्जियम और ऑस्ट्रेलिया हैं। जबकि पूल-ए में नीदरलैंड्स, जर्मनी, ब्रिटेन, स्पेन, साउथ अफ्रीका और मेजबान देश फ्रांस शामिल हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 August, 2024
Advertisement