Advertisement
18 June 2017

हॉकी की जीत दूर कर सकती है क्रिकेट में हार का गम, पाकिस्तान पर सबसे बड़ी विजय

क्रिकेट में चैंंपियंस ट्राॅफी के फाइनल मुकाबले में जहां पाकिस्तान ने भारत को 180 रनोंं से हराकर सबसे बड़ी जीत हासिल की, वहीं हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को 7-1 से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। लंदन में खेले जा रही हॉकी वर्ल्ड लीग के सेमीफाइनल के ग्रुप मुकाबले में रविवार के भारत ने पाकिस्तान को 7-1 के बड़े अंतर से हराया। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह, तलविंदर सिंह और आकाशदीप सिंह ने दो-दो गोल किए।

भारत की ओर से मैच का पहला गोल हरमनप्रीत सिंह ने किया। इसके बाद तलविंदर सिंह के लगातार दो गोल की मदद से दूसरे क्वार्टर की समाप्ति के बाद भारत ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। तीसरे क्वार्टर का खेल शुरू होते ही हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम की बढ़त 4-0 कर दी। इसके बादत आकाशदीप ने 47वें और प्रदीप मोर ने 49वें मिनट में गोल किए। आकाशदीप ने 59वें मिनट में भी एक गोल किया। पाकिस्तान की ओर से एकमात्र गोल 57वें मिनट में मुहम्मद उमर बुट्टा ने पेनाल्टी कॉर्नर केे जरिए किया।

पाकिस्तान पर भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को अधिकतम 7-4 के अंतर से हराया था। इस टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है, जबकि पाकिस्तान लगातार तीसरा मुकाबला हारा है। इस टूनार्मेंट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। पहले मैच में भारत ने स्कॉटलैंड को 4-1 से मात दी थी तो वहीं दूसरे मैच में कनाडा को 3-0 से हराया था। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप बी में टॉप पर बना हुआ है, जबकि शून्य अंक के साथ पाकिस्तान सबसे निचले स्थान पर है। भारत का अगल मुकाबल 20 जून को नीदरलैंड्स से होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Indian hockey, champions trophy, India, Pakistan, hockey world league
OUTLOOK 18 June, 2017
Advertisement