मोहम्मद मुश्ताक अहमद को चुना गया हॉकी इंडिया का नया अध्यक्ष
हॉकी इंडिया को नया अध्यक्ष मिल गया है। सोमवार को हॉकी इंडिया के 8वें सम्मेलन में मोहम्मद मुश्ताक अहमद को अध्यक्ष चुना गया, वह अभी तक महासचिव का कार्यभार संभाल रहे थे। वहीं, निवृतमान अध्यक्ष राजिंदर सिंह को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
मणिपुर के ज्ञानेंद्रो निंगोमबाम सीनियर उपाध्यक्ष होंगे, जबकि जम्मू कश्मीर हॉकी की असिमा अली और हॉकी झारखंड के भोलानाथ सिंह उपाध्यक्ष होंगे। कार्यकारी बोर्ड समिति में 13 लोगों को स्थान दिया गया है। इसके अलावा, असम हॉकी के तपन कुमार दास को फिर से कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा को छत्तीसगढ़ हॉकी के फिरोज अंसारी के साथ संयुक्त सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बीच राजस्थान हॉकी की आरती सिंह, तमिलनाडु हॉकी की एम. रेनुका लक्ष्मी और कर्नाटक हॉकी के अध्यक्ष एस.वी.एस. सुब्रमण्य गुप्ता को एचआई के कार्यकारी सदस्यों के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा डॉ आर.पी. सिंह और जॉयदीप कौर को कार्यकारी बोर्ड से नामांकन और कांग्रेस में मंजूरी मिलने के बाद एथलीट प्रतिनिधियों के रूप में फिर से नियुक्त किया गया है।