Advertisement
27 June 2016

चिली ने अर्जेंटीना को हरा खिताब जीता

चिली ने अर्जेंटीना को हरा खिताब जीता | PTI

मेट लाइफ स्टेडियम में सांसें थाम देने वाले मुकाबले में चिली के लिए सबसे सुखद क्षण वह रहा जब दुनिया के स्टार फुटबालर मेसी पेनेल्टी शूट-आउट में चूक गए। फ्रांसिस्को सिल्वा ने चिली के गोलकीपर को छकाते हुए अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी और कोपा अमेरिका का खिताब भी अपने देश की झोली में डाल दिया।

ऐसा लगा कि मानो पिछले साल के कोपा अमेरिका के फाइनल का फिर से प्रसारण किया जा रहा है क्योंकि उसी तरह से चिली ने अर्जेंटीना को इस बार भी मात दी। इस हार ने बड़ा खिताब जीतने के अर्जेंटीना के 23 साल के इंतजार को और लंबा कर दिया और मेसी के लिए भी बड़ी मायूसी लेकर आई। जब 120 मिनटों के मुकाबले के बाद भी दोनों टीमों का स्कोर 0-0 रहा तो मुकाबला फिर पेनेल्टी शूट-आउट में गया। यह मुकाबला अर्जेंटीना के खिलाडि़यों के लिए इस मायने में भी बड़ी मायूसी लेकर आया कि हाल के वर्षों में उनको तीसरी बार किसी बड़े फाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा। उन्हें साल 2014 के विश्व कप में जर्मनी और पिछले साल के कोपा में चिली से हार का सामना करना पड़ा था।

 

TAGS: Chile, Argentina, penalty shoot-out, Lionel Messi चिली, पेनल्टी शूट-आउट, अर्जेंटीना, लियोनेल मेसी
OUTLOOK 27 June, 2016
Advertisement