Advertisement
26 February 2020

जुलाई 2019 के बाद मैदान पर वापस लौटेंगे धोनी, सीएसके के साथ 2 मार्च से शुरू करेंगे ट्रेनिंग

महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट के मैदान पर वापस लौटने को तैयार हैं, इस खबर से धोनी के फैंस के चेहरों पर जरूर खुशी आई है। इसकी घोषणा चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के सीईओ ने की। जुलाई 2019 के बाद से मैदान से दूरी बनाए रखने वाले धोनी दो मार्च से सीएसके टीम के खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग शुरू करेंगे।

बीसीसीआई ने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से भी किया बाहर

महेंद्र सिंह धोनी ने जुलाई 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। वे तब से क्रिकेट से ब्रेक पर चल रहे हैं। इसी दौरान बीसीसीआई ने उन्हें केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से भी बाहर कर दिया था। इसके बाद से फैंस महेंद्र सिंह धोनी की मैदान पर वापसी को लेकर बेताब थे। वे अब अपनी आईपीएल टीम के साथ अभ्यास प्रारंभ करेंगे।

Advertisement

आधिकारिक ट्रेनिंग सत्र 19 मार्च से शुरू होगा

चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ केएस विश्वनाथन ने कहा, ‘एमएस धोनी दो मार्च से चेन्नै के चिदंबरम स्टेडियम में सीएसके टीम के खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग शुरू करेंगे। वैसे टीम का आधिकारिक ट्रेनिंग सत्र 19 मार्च से शुरू होगा, उस समय टीम के सभी खिलाड़ी शिविर में शामिल हो जाएंगे।’ टीम को आईपीएल 2020 में अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गत विजेता मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले उद्घाटन मैच से करना है। धोनी दो सप्ताह तक अभ्यास करने के बाद कुछ दिनों का ब्रेक लेंगे और उसके बाद टीम के आधिकारिक ट्रेनिंग सत्र में शामिल होंगे। सुरेश रैना और अंबाती रायुडू ने तो चेन्नै में अभ्यास प्रारंभ भी कर दिया है।

दरवाजे उनके लिए पूरी तरह बंद नहीं

धोनी को बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट वाले प्लेयर्स की लिस्ट से बाहर कर दिया है लेकिन टीम इंडिया के दरवाजे उनके लिए पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं। टीम इंडिया के चीफ कोच रवि शास्त्री ने कहा था कि धोनी आईपीएल 2020 में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं। टीम को इस साल एशिया कप और फिर आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में खेलना है। इसके चलते आईपीएल 2020 में किया गया शानदार प्रदर्शन महेंद्र सिंह धोनी को वापस टीम इंडिया में जगह दिला सकता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Dhoni, return, July 2019, CSK, March 2.
OUTLOOK 26 February, 2020
Advertisement