Advertisement
08 July 2019

हिमा दास ने कुटनो एथलेटिक्स मीट में जीता गोल्ड, एक सप्ताह में दूसरा गोल्ड

भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास ने पोलैंड में कुटनो एथलेटिक्स मीट में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जो एक सप्ताह में उनका दूसरा स्वर्ण है। वे चार जुलाई को पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में भी स्वर्ण जीती थी। पिछले कुछ महीने से कमर के दर्द से जूझ रही हिमा ने 23 97 सेकंड का समय निकाला जबकि भारत की ही वी के विस्मया को रजत पदक मिला। विस्मया ने रेस को पूरा करने में 24.06 सेकंड का समय लिया।

मोहम्मद अनस ने पुरूषों में जीता गोल्ड

पुरुषों में राष्ट्रीय रिकार्डधारी मोहम्मद अनस ने पुरूषों की 200 मीटर दौड़ में 21.18 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। एमपी जुबीर ने 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत और जितिन पाल ने कांस्य जीता। जुबीर ने 50.21 और जितिन ने 52.26 सेकंड का समय लिया। महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भारत की पी सरिताबेन ने स्वर्ण, सोनिया बैस्या ने रजत और आर विद्या ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

Advertisement

पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में हिमा ने पहली बार लिया था भाग

हिमा ने मंगलवार को पोलैंड में ही पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में भी गोल्ड मेडल जीता था। पोजनान एथलेटिक्स ग्रां प्री में हिमा ने पहली बार 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया था। उन्होंने 23.65 सेकंड में उस दौड़ को अपने नाम किया था। विस्मया अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (23.75 सेकंड) करके तीसरे स्थान पर रही थी। हिमा मौजूदा विश्व जूनियर चैम्पियन और 400 मीटर में राष्ट्रीय रिकार्डधारी है। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 23.10 सेकंड है जो उन्होंने पिछले साल हासिल किया था।  वहीं, पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में मोहम्मद अनस ने 20.75 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया था। उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा था। के एस जीवन ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 47.25 सेकंड का समय लिया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Hima das, gold, Kutno Athletics Meet
OUTLOOK 08 July, 2019
Advertisement