Advertisement
31 August 2019

शूटिंग वर्ल्ड कप:ओलंपिक कोटे से चूक गए दीपक कुमार

भारत के दीपक कुमार शुक्रवार को रियो डी जनेरियो में चल रहे निशानेबाजी विश्व कप के पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में खराब शुरुआत के बाद सातवें स्थान पर रहने के कारण ओलंपिक कोटे से चूक गए। दीपक ने 627.9 अंक के साथ आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

फाइनल में लगाए खराब निशाने

फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाले आठ में से पांच खिलाड़ी कोटा नहीं हासिल कर सके और टोक्यो ओलंपिक के लिए उपलब्ध दो कोटा में एक हासिल करने के लिए दीपक को ऑस्ट्रेलिया के डेन सैम्पसन या स्लोवाकिया के पैट्रिक जानी में से किसी एक से आगे रहना था। फाइनल में उन्होंने 9.7 और 9.2 का खराब निशाना लगाया और फिर लगातार 12 बार 10 से ज्यादा अंक के निशाने लगाने के बाद भी वह आगे नहीं बढ़ पाए और बाहर हो गए।

Advertisement

जानी और सैम्पसन ने कोटा हासिल किया

जानी ने तीसरे और सैम्पसन चौथे स्थान पर रहते हुए कोटा हासिल किया। चीन के यू हॉनन ने 252.8 की शानदार स्कोर के साथ सीनियर और जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। क्रोएशिया के पीटर गोर्सा ने रजत पदक हासिल किया।

पदक तालिका में सबसे ऊपर है भारत

उन्होंने गुरुवार को पुरुषों की राइफल थ्री पोजीशन में स्वर्ण जीता था। युवा निशानेबाज हर्ष वर्धन 627.7 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे जबकि पदार्पण कर रहे किरण अंकुश जाधव 627.5 अंक के साथ 88 खिलाड़ियों में 11वें स्थान पर रहे। अभी पांच मुकाबलों के फाइनल खेले जाने है और भारत दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य के साथ पदक तालिका में सबसे ऊपर है।

अभिषेक वर्मा ने जीता था गोल्ड

इससे पहले भारतीय शूटर अभिषेक वर्मा ने भी रियो में हो रहे इस विश्व कप में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। वर्मा ने फाइनल में 244.2 अंक स्कोर किए। साथ ही सौरभ चौधरी ने भी 221.9 अंक स्कोर कर कांस्य पदक जीता है। वहीं संजीव राजपूत ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में रजत पदक हासिल किया।  संजीव ने 462 प्वाइंट बनाकर कर दूसरा स्थान हासिल किया है।

संजीव राजपूत को मिला था ओलंपिक कोटा

इसके साथ ही संजीव 2020 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक में 50 मीटर राइफल प्रतियोगिता के लिए भारत की ओर से पहला स्थान बना लिया है। संजीव राजपूत टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा हासिल करने वाले आठवें निशानेबाज हैं। संजीव राजपूत के अलावा अंजुम मौदगिल, अपूर्वी चंदेला, सौरभ चौधरी, दिव्यांश सिंह पंवार, अभिषेक वर्मा, मनु भाकर, राही सरनोबत भी कोटा हासिल कर चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shooting world cup, Deepak Kumar, misses, Olympic quota
OUTLOOK 31 August, 2019
Advertisement