Advertisement
28 September 2015

युकी शीर्ष 100 में शामिल होने के करीब, सोमदेव फिसले

युकी शीर्ष 100 में शामिल होने के करीब, सोमदेव फिसले

सोमवार को जारी विश्व रैंकिंग में युकी पुरुष एकल में 104वें स्थान पर काबिज हैं जो उनके कॅरिअर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हैं। वह पहले की तरह भारत के नंबर एक खिलाड़ी बने हुए हैं और सोमदेव देववर्मन की रैंकिंग में लगातार गिरावट के कारण उनका आगे भी भारतीय खिलाडि़यों में शीर्ष पर बने रहना तय है। युकी ताइवान में खेली गई प्रतियोगिता के फाइनल में कोरिया के हियोन चुआंग से 5-7, 4-6 से हार गए थे लेकिन फाइनल में पहुंचने के कारण उन्हें 75 अंक मिले जिससे उनकी रैंकिंग में सुधार हुआ। टूर्नामेंट के दौरान विश्व में 40वें नंबर के खिलाड़ी चेक गणराज्य के जिरी वेस्ली को हराने वाले युकी के अब कुल 516 अंक हैं।

सोमदेव हालांकि पांच पायदान नीचे 171वें स्थान पर खिसक गये हैं। इन दोनों के अलावा साकेत मयनेनी ( एक पायदान चढ़कर 198) शीर्ष 200 में शामिल तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके बाद रामकुमार रामनाथन (218) और सनम सिंह (304) का नंबर आता है। सनम सिंह ने 25 स्थान की छलांग लगाई  है। इस बीच युगल रैंकिंग में रोहन बोपन्ना पहले की तरह 12वें स्थान पर काबिज हैं लेकिन लिएंडर पेस दो पायदान नीचे 35वें स्थान पर खिसक गए हैं। पुरव राजा (92) शीर्ष 100 में शामिल तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। बोपन्ना और उनके जोड़ीदार फ्लोरिन मार्जिया रोड टु लंदन में आठवें स्थान पर हैं।

दिविज शरण और मयनेनी ने भी एटीपी इजमीर कप में जीत दर्ज करने के दम पर शीर्ष 100 में शामिल होने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। शरण 24 स्थान के सुधार के साथ 132वें और मयनेनी 27 स्थान की छलांग लगाकर 136वें स्थान पर पहुंच गए हैं। युकी भांबरी (199) की युगल रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वह 22 पायदान ऊपर चढ़े हैं। महिलाओं के लिए डब्ल्यूटीए की रैंकिंग में सानिया मिर्जा ने युगल में शीर्ष पर अपनी जगह मजबूत की है। उन्होंने स्विट्जरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर ग्वांग्झू ओपन का खिताब जीता था। सानिया के अब 10455 अंक हैं जबकि हिंगिस 9125 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। सानिया और हिंगिस की जोड़ी रोड टु सिंगापुर में शीर्ष पर बनी हुई है।

TAGS: टेनिस रैंकिंग, युकी भांबरी, सोमदेव देवबर्मन, साकेत मयनेनी, Rohan Bopanna, Leander Paes, Sanam Singh
OUTLOOK 28 September, 2015
Advertisement