Advertisement
12 February 2024

प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश को दी 7550 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के ग्राम गोपालपुरा में जनजातीय महा सम्मेलन कार्यक्रम के अवसर पर मध्य प्रदेश को 7550 करोड़ से अधिक के विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर सौगात दी। पीएम मोदी ने कहा है कि केन्द्र सरकार पिछले दस वर्षों में जनजातीय उत्थान, गौरव और सम्मान के लिए समर्पित रही है। मध्यप्रदेश देश के सामने सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है कि डबल इंजन की सरकार कैसे काम करती है । वे आज झाबुआ में जनजातीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होने लगभग 7500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि झाबुआ यात्रा लोक सेवक के रूप में प्रदेश की जनता का आभार प्रकट करने के उद्देश्य से है जिसने विधानसभा में विकास के प्रति जो प्रतिबद्धता जताई । उन्होने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों की विकास के प्रति प्रतिबद्धता निरंतर दृढ़ रहेगी। केन्द्र सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए कृत संकल्पित है।

श्री मोदी ने कहा कि झाबुआ, खरगोन, अलीराजपुर, धार, बड़वानी सहित मध्यप्रदेश के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण, गांवों की बेहतरी के लिए आदर्श गांव योजना में जारी राशि, बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बड़ी रेल परियोजनाएं, रतलाम और मेघनगर रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और जनजातीय समाज की दो लाख बहन बेटियों के खातों में जारी 1500-1500 रुपए देने जैसे विकास के काम बताते हैं कि मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार डबल तेजी से काम कर रही है। विकास के इस महाभियान का श्रेय जनता को जाता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने टंट्या मामा के नाम पर क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की घोषणा की।

Advertisement

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय बहुल क्षेत्र झाबुआ के गोपालपुरा में जनजातीय बंधुओं से रू-ब-रू हुए। उन्होने विकास कार्यों पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी जनजातीय बंधुओं के विशाल कुंभ में अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच पर पहुंचे।

कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा व श्री फग्गन सिंह कुलस्ते पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रिगण, खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा, जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री समीर उराम तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी को वनवासी राम का स्मृति चिन्ह तथा तीर कमान भेंट कर उनका अभिवादन किया गया। इस अवसर पर क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। विशाल जनजातीय महाकुंभ में मध्यप्रदेश सहित गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के लोगों ने भाग लिया।

भगोरिया उत्सव की शुभकामनाएँ

 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बाबा डूंगर देव की जय के उद्घोष के साथ बड़ी संख्या में पधारे जनजातीय समाज को नमन करते हुए कहा कि झाबुआ जितना मध्य प्रदेश से जुड़ा है उतना ही गुजरात से जुड़ा है। झाबुआ के लोगों के दिल भी गुजरात से जुड़ा है। उन्होने कहा कि जनजीवन की संस्कृति का उल्लेख करते हुए भगोरिया उत्सव शुभकामनाएं दी।

आदिवासियों का सम्मान और विकास है हमारी गारंटी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि विकास के रास्ते पर मध्यप्रदेश तेजी से दौड़ रहा है। पहले यह देश के सबसे बीमारू राज्य में गिना जाता था। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने पहली बार जनजातीय समाज के लिए नया मंत्रालय बनाया और बजट का विशेष प्रावधान किया तथा जनजातीय इलाकों और जनजातीय लोगों के विकास को प्राथमिकता दी।

श्री मोदी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वन उपज पर न्यूनतम समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि की। एमएसपी के दायरे में आने वाली वन उपज को 10 से बढ़ाकर 90 तक पहुंचा दिया। देश में वन धन केंद्र खोले ताकि जनजातीय उत्पादों को नए हाट व नए बाजार मिल सकें। जनजातीय समाज देश का गौरव है और देश के उज्जवल भविष्य की गारंटी है। जनजातीय लोगों का सम्मान और विकास हमारी गारंटी है। उनके सपने साकार करना सरकार का संकल्प है।

शिक्षा के अभाव में जनजातीय बच्चे पीछे नही रहें

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला सरकार ने लिया। टंट्या मामा के बलिदान को याद कर आज बलिदान दिवस मनाया जाता है और उन्हीं के नाम पर क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की घोषणा की जा रही है।

श्री मोदी ने जनजातीय समाज के गौरव तिलका मांझी को याद करते हुए कहा कि उन्होने 1784 में बिहार के भागलपुर के कमिश्नर को तीर से मार दिया था। आज ऐसे वीर पुरुष की जन्म जयंती है। झाबुआ, रतलाम, खरगोन, धार और आसपास के युवाओं की उच्च शिक्षा आसान होगी। जनजातीय विद्यार्थियों के लिए पूरे देश में एकलव्य आवासीय स्कूल आरंभ किया जा रहे हैं। जनजातीय बच्चे शिक्षा के अभाव में पीछे रह जाए, यह सरकार को स्वीकार नहीं है।

स्वामित्व अधिकार पत्र है सुरक्षा की गांरटी

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज हजारों सालों से वन संपदा से अपनी रोजी-रोटी चला रहा है। पिछली सरकार ने जनजातीय लोगों के अधिकार पर कानूनी पहरे लगा दिए थे। वन संपदा कानून में बदलाव कर केन्द्र सरकार ने जनजातीय समाज को वन भूमि से जुड़े अधिकार लौटाए हैं। उन्होने कहा कि जनजातीय परिवारों में सिकल सेल एनीमिया हर वर्ष कई लोगों की जान ले रहा था। केन्द्र की सरकार ने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए अभियान शुरू किया। सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जनजातीय समाज अब विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है। स्वामित्व योजना के माध्यम से 1 लाख 75 हजार लोगों को स्वामित्व अधिकार पत्र दिए गए हैं। यह केवल अधिकार पत्र नहीं अपितु आपकी जिंदगी में सुरक्षा पत्र भी हैं। यह सुरक्षा की गारंटी का पत्र है। परिवारों को भूमि विवादों और सूदखोरों से सुरक्षा मिलेगी। यह योजना गांव-गरीब को कई मुसीबतों से बचाएगी।

जो सबसे वंचित और पिछड़ा है, वही पहली प्राथमिकता है

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जो सबसे वंचित और सबसे पिछड़ा है, वही हमारी सरकार के लिए सबसे पहली प्राथमिकता है। सबसे पिछड़े जनजातीय समूह के लिए पीएम जनमन योजना आरंभ की है। अब तक विकास की मुख्य धारा से कटे जनजातीय समाज का तेज गति से विकास सुनिश्चित किया गया है। इसका लाभ मध्यप्रदेश के बैगा, भारिया और सहरिया जैसे जनजाति समूह को होने वाला है। जनजातीय जिलों में पीएम जन मन योजना में हजारों करोड़ के कार्य कराए जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश को 24 गुना पैसा रेलवे के विकास के लिए

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में झाबुआ के साढ़े पांच सौ ग्रामों में विकास के कार्य हो रहे हैं। केन्द्र सरकार मध्य प्रदेश में आधुनिक अधोसंरचना पर भी विशेष ध्यान दे रही है। पिछली सरकार की तुलना में 24 गुना पैसा रेलवे के विकास के लिए मध्य प्रदेश भेजा जा रहा है। आज लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है। लगभग इतनी ही राशि के नेशनल हाईवे का भी आज लोकार्पण हुआ है। सभी सेक्टर में मध्य प्रदेश के विकास के लिए केंद्र शासन की ओर से राशि दी जा रही है।,

मध्यप्रदेश के युवाओं- महिलाओं- आदिवासियों की बन रही विशेष पहचान

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश और केंद्र की सरकार ने मिलकर प्रदेश में 45 लाख परिवारों को घर दिया है, 65 लाख से अधिक परिवारों को नल के कनेक्शन मिले हैं। हजारों गांवों को पानी पहुंचाया है। तलवाड़ा बांध परियोजना से झाबुआ, धार, रतलाम के हजारों गांवों के लोगों को पानी पहुंचाया जाएगा।

श्री मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से मध्यप्रदेश के युवाओं- महिलाओं- जनजातीय लोगों की अपनी एक अलग पहचान बन रही है। यहां के पिथोरा पेंटिंग्स, बाघ प्रिंट साड़ी के लिए बड़ा बाजार तैयार होने लगा है। बहनों ने स्व-सहायता समूह बनाकर शहद, पापड़, आचार और श्रीअन्न का अपना ब्रांड भी शुरु किया है। सब जगह यहां के उत्पादों को पसंद किया जा रहा है। सरकार ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य को तैयार किया है। गांवों कें स्व-सहायता समूह में काम करने वाली तीन करोड़ दीदी, लखपति दीदी बनेंगी, यह मोदी की गारंटी है। केन्द्र सरकार नमो ड्रोन नीति अभियान के तहत देश के 15 हजार स्व-सहायता समूहों को आधुनिक ड्रोन भी देने जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आगमन मध्य प्रदेश के लिए सौभाग्य का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रदेश को क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की सौगात दे रहे हैं, इसके साथ ही अनेक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी उनके कार्यक्रमों से हो रहा है ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Prime Minister Narendra Modi, development projects, Rs 7550 crore, Madhya Pradesh
OUTLOOK 12 February, 2024
Advertisement