Advertisement
12 August 2016

इरोम शर्मिला का संकट

गूगल

पिछले सोलह वर्षों से सशस्त्र बल विशेष अधिकार कानून को हटाने की मांग पर आमरण अनशन करने वाली लौह महिला इरोम शर्मिला के अनशन तोड़ने और चुनावी प्रक्रिया में भाग लेकर अपने मकसद को पाने की घोषणा के बाद से ही उसके संघर्ष की आड़ में अपनी राजनीति करने वाले समूह उसके दुश्मन हो गए हैं।

जिस शर्मिला को मणिपुर में कथित सरकारी हिंसा के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक माना जाता रहा, अब उसी शर्मिला के खिलाफ सड़कों पर जुलूस निकाले जा रहे हैं, उसका रास्ता रोका जा रहा है और उसे रहने के लिए घर देने से मना कर दिया गया है। क्योंकि इरोम शर्मिला अब अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती है। शर्मिला अब अपनी लड़ाई का तरीका बदल रही है। उसने सशस्त्र बल विशेष अधिकार कानून के खिलाफ संघर्ष तो जारी रखा है, लेकिन लड़ाई का तरीका बदलना चाहती हैं। वह चुनाव लड़ना चाहती हैं। वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है। शर्मिला को लगता है कि इतने दिनों तक आमरण अनशन करने के बाद उसकी आवाज देश की आवाज नहीं बन सकी। चंद समूह ही उसके समर्थन में आगे आए। जबकि उसने अपने संघर्ष के लिए गांधी के बताए रास्ते का अनुशरण किया था। इसलिए वह चुनावी प्रक्रिया में भाग लेकर संसदीय तरीके से सशस्त्र बल विशेष अधिकार कानून को हटाना चाहती है। 

यह बात मणिपुर के उन संगठनों को नहीं पच रही है, जो शर्मिला के संघर्ष के नाम पर अपनी राजनीति कर रहे थे। शर्मिला को आगे करके कई संगठन अपनी दुकान चला रहे थे। कई भूमिगत संगठन भी इसमें शामिल हैं। शर्मिला की मां और रिश्तेदार भी विभिन्न कारणों से उसके फैसले का विरोध कर रहे हैं। सबसे अधिक विरोध उसके गैर मणिपुरी से शादी करने के फैसले को लेकर है। एक संगठन ने तो उसकी हत्या की धमकी दी है। कुछ महिला संगठनों ने उसका रास्ता रोकने का प्रयास किया।

Advertisement

हालांकि शर्मिला ने साफ कर दिया है कि जब तक सशस्त्र बल विशेष अधिकार कानून समाप्त नहीं हो जाता है, तब तक वह न तो अपने घर लौटेंगी और न ही अपनी मां से मिलेंगी। मणिपुर में कई भूमिगत संगठन राज्य की तबाही ही वजह बने हुए हैं। उनका मकसद सिर्फ धन उगाही है। मणिपुर में उग्रवादी गतिविधियों की वजह से आमलोग परेशान हैं। दूरदराज के इलाके में विकास नहीं हो पा रहा है। इन सारी स्थितियों ने भी शर्मिला को परेशान किया होगा। कुछ लोगों का कहना है कि राजनीति में गंदे लोग हैं। राजनीति से कुछ भी हासिल नहीं हो सकता है, लेकिन शर्मिला का मानना है कि राजनीति में समाज से लोग आते हैं और यदि समाज गंदा है तो गंदे लोग राजनीति में आएंगे, इसलिए अच्छे लोगों को राजनीति में आना चाहिए।

शर्मिला के तमाम तर्कों के बावजूद आज की सच्चाई यह है कि वह अकेली हो गई हैं। वह अपनी आजादी चाहती है, लेकिन उनका समर्थन कर रहे स्थानीय लोग खुश नहीं हैं। इसलिए शर्मिला के सामने कठिन राह है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मणिपुर, सशस्‍त्र बल विशेषाधिकार कानून, इरोम शर्मिला, संगठन, साथ छोड़ा, चुनावी राजनीति, विरोध प्रदर्शन, धन उगाही
OUTLOOK 12 August, 2016
Advertisement