Advertisement
23 April 2020

कोरोना वायरस की चपेट में अब पालतू जानवर, न्यूयॉर्क में दो बिल्लियां संक्रमित

न्यूयॉर्क में दो पालतू बिल्लियां कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गयी हैं जो अमेरिका में पालतू पशुओं के संक्रमित होने का पहला मामला है।

अमेरिका के कृषि विभाग और संघीय रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार, बिल्लियों को सांस लेने में हल्की परेशानी देखी गई। उनके बीमारी से उबरने की उम्मीद है। वे जिस घर में हैं, उसके लोगों से या पड़ोस से उन्हें संक्रमण होने की आशंका है।

चिड़ियाघर में कुछ बाघ हुए थे संक्रमित

Advertisement

इससे पहले ब्रोंक्स चिड़ियाघर में कुछ बाघों और शेरों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद अब दुनियाभर में पशुओं में वायरस के पुष्ट मामलों की संख्या में मामूली वृद्धि हुई है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार ऐसा लगता है कि कुछ पशुओं को मनुष्यों से संक्रमण हुआ होगा, लेकिन इस बात का कोई संकेत नहीं है कि पशुओं से मनुष्य संक्रमित हो रहे हैं।

'लोग पालतू पशुओं से ना डरे'

सीडीसी अधिकारी केसी बॉर्टन बेहरावेश ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि लोग घबराएं नहीं। लोग पालतू पशुओं से डरे नहीं या उनकी जांच के लिए न उमड़ पड़ें।’ उन्होंने कहा, ‘इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि पालतू पशु लोगों में बीमारी फैला रहे हैं।’

अमेरिका में तेजी से फैल रहा है वायरस

उधर, अमेरिका में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 1,738 लोगों की मौत हुई है। हालांकि यह इससे एक दिन पहले मारे गए लोगों की संख्या से कम है। अमेरिका के जॉन्स हॉप्किन्स विश्वविद्यालय ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही अमेरिका में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 46,583 हो गई है। इस वैश्विक महामारी से किसी देश में मरने वाले लोगों की यह सर्वाधिक संख्या है। अमेरिका में 849,092 लोग इस महामारी से संक्रमित हैं। संक्रमित लोगों की यह संख्‍या लगातार बढ़ती ही जा रही है।

TAGS: 2 cats, New York, first pets in US, test positive, COVID19
OUTLOOK 23 April, 2020
Advertisement