Advertisement
23 October 2017

दूध नहीं पीने पर देर रात घर से निकाली गई भारतीय बच्ची का शव अमेरिकी पुलिस को मिला

फोटो साभार- USA Today

दो हफ्ते से लापता तीन साल की भारतीय बच्ची शेरीन का शव अमेरिकी पुलिस ने बरामद कर लिया है। रविवार सुबह डलास के रिचर्डसन में सड़क के नीचे बने एक सुरंग से उसका शव बरामद किया गया। आधिकारिक तौर पर शव की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि रिचर्डसन पुलिस ने कहा है कि उनके पास इस बात पर विश्वास करने का कोई कारण नहीं है कि यह शव किसी दूसरी बच्चे का है।

केरल के रहने वाले वेस्ले मैथ्यूज और उसकी पत्नी सिनी मैथ्यूज ने करीब दो साल पहले शेरीन को बिहार के नालंदा स्थित मदर टेरेसा अनाथ आश्रम से गोद लिया था। सात अक्टूबर की देर रात वेस्ले ने दूध नहीं पीने पर उसे घर से बाहर निकाल दिया था। शेरीन शारीरिक विकास संबंधी समस्या से पीड़ित थी और उसे बात करने में दिक्तत होती थी। उसे अंतिम बार रिचर्डसन में अपने घर के पीछे वाले हिस्से में देखा गया था।

लापता होने के पांच घंटे बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। वेस्ले को पुलिस ने बच्‍ची की जान खतरे में डालने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में 2,50,000 डॉलर की जमानत उसे छोड़ दिया गया था। डलास न्यूज के मुताबिक पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से शेरीन की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह सेंट्रल एक्सप्रेसवे पर एक सुरंग से शव बरामद किया गया। सुरंग वेस्ले के घर से करीब एक मील दूर है। शव की मेडिकल जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर 19 अक्टूबर को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी चिंता जताई थी।  

TAGS: 3 year old, usa, girl child dead, kerala, nalanda
OUTLOOK 23 October, 2017
Advertisement