Advertisement
11 January 2017

लोकतंत्र की रक्षा के ‌ल‌िए एकजुट हों अमेरिकीः ओबामा

google

अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर आठ साल रहने के बाद ओबामा ने अपने विदाई भाषण में कहा कि जब हम भय के सामने भावुक जाते हैं तो लोकतंत्र प्रभावित हो सकता है। इसलिए हमें नागरिकों के रूप में बाहरी आक्रमण को लेकर सतर्क रहना चाहिए। हमें अपने उन मूल्यों की रक्षा करनी चाहिए जिनकी वजह से हम वर्तमान दौर में पहुंचे हैं। भावुक बराक ओबामा ने अपने विदाई भाषण में पत्नी मिशेल का शुक्रिया अदा किया। ओबामा ने कहा कि मिशेल ने उनके सियासी सपनों को पूरा करने के लिए कई त्याग किए हैं। उन्होंने मिशेल को अपनी सबसे अच्छी दोस्त और नई पीढ़ी के लिए आदर्श बताया।

ओबामा ने अपने हजारों समर्थकों से कहा कि  मिशेल, बीते 25 साल से आप मेरी पत्नी, मेरे बच्चों की मां होने के साथ-साथ मेरी सबसे अच्छी दोस्त भी हैं। यहां पहली पंक्ति में प्रथम महिला मिशेल अपनी सबसे छोटी मालिया और अपनी मां के साथ बैठी थीं। 55 वर्षीय ओबामा अपने गृह नगर शिकागो से राष्ट्र को संबोधित कर रहे थे।

 

Advertisement

ओबामा ने अफसोस जताया कि वर्ष 2008 में देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति के रूप में उनके ऐतिहासिक चुनाव के बाद भी नस्लवाद हमारे समाज में ताकतवर और अक्सर विभाजनकारी ताकत के रूप में बरकरार है।

उन्होंने स्वीकार किया कि उनके चुनाव के बाद ऐसी चर्चा थी कि अमेरिका नस्लवाद के बाद का देश होगा। इस दृष्टिकोण का इरादा तो बेहतर था लेकिन यह यथार्थवादी नहीं थी। राष्टपति पद पर ओबामा का कार्यकाल 20 जनवरी को समाप्त होगा और रिपब्लिकन पार्टी के डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

ओबामा ने आने वाले हफ्तों में ट्रंप को सत्ता का शांतिपूर्वक हस्तांतरण करने का वादा किया। ट्रंप का नाम लिए बिना उन्होंने अपने भाषण में वर्ष 2016 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के दौरान खास मुद्दे रहे कई विवादित विषयों का खंडन किया। इनमें मुस्लिम प्रवासियों पर अस्थायी रोक जैसे मुद्दे भी शामिल थे।

ओबामा ने कहा कि वह मुस्लिम अमेरिकियों के खिलाफ भेदभाव को खारिज करते हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग भी उतने ही राष्ट्रभक्त हैं जितने हम हैं। उनकी इस टिप्पणी का लोगों ने खासा स्वागत किया। उन्होंने अपने एक और प्रेरक भाषण में कहा कि उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को ठोस कानूनी आधार प्रदान करने के लिए काम किया। यही वजह है कि हमने प्रताड़ना को समाप्त किया, निगरानी से जुड़े अपने कानूनों में सुधार के लिए काम किया ताकि निजता और नागरिक स्वतंत्राता की रक्षा हो सके। उन्होंने कहा कि इस वजह से वह मुस्लिम अमेरिकियों के खिलाफ भेदभाव को खारिज करते हैं।

ओबामा ने कहा कि यही वजह है कि हम वैश्विक संघर्षों, लोकतंत्र का विस्तार,  मानवाधिकार,  महिलाओं के अधिकार, एलजीबीटी के अधिकार आदि से अलग नहीं हो सकते, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हमारे प्रयास कितने अपूर्ण हों। उन्होंने अपने देशवासियों को आगाह किया कि उस समय अमेरिकी लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा होता है, जब कभी इसे हल्के में लिया गया हो।

ओबामा ने कहा कि हम सब को मिलकर, भले ही हम किसी भी पार्टी के हों,  अपने लोकतांत्रिक संस्थानों के पुनर्निर्माण पर जोर देना चाहिए। जब विकसित लोकतंत्रों में मतदान का प्रतिशत कम हो तो हमें मतदान को कठिन नहीं बल्कि आसान बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब हमारे संस्थानों में भरोसा कम हो तो हमें अपनी राजनीति में धन के नुकसानदेह प्रभाव को कम करना चाहिए तथा पारदर्शिता के सिद्धांत तथा लोक सेवा में नैतिकता पर बल देना चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अमेरिका, ओबामा, राष्ट्रपति, डोनाल्ड ट्रंप, मिशेल
OUTLOOK 11 January, 2017
Advertisement