Advertisement
04 October 2020

"जल्द वापस लौटूंगा, अगले कुछ दिनों में असल परीक्षा" , ट्रंप ने शेयर किया वीडियो संदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों कोरोनावायरस से जूझ रहे हैं। हालांकि अब उन्होंने कहा है कि वे बेहतर महसूस कर रहे हैं।

ट्रंप ने शनिवार रात को ट्विटर पर जारी किए एक वीडियो में कहा कि कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग में वह "बेहतर महसूस" कर रहे हैं, मगर अगले कुछ दिन उनकी "असल परीक्षा" होगी।

ट्रंप की ओर से अपने स्वास्थ्य को लेकर यह संदेश ऐसे वक्त सार्वजनिक किया गया है जब कुछ घंटे पहले मामले से जुड़े एक सूत्र ने राष्ट्रपति ट्रंप की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई थी और कहा था कि अगले 48 घंटे उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।

वीडियो में ट्रंप ने कहा, "मैं यहां आया था, तो ठीक नहीं महसूस कर रहा था।"

Advertisement

कोविड-19 संक्रमित होने का पता चलने के बाद वाशिंगटन के नजदीक वाल्टर रीड मिलेट्री सेंटर में ट्रंप का इलाज चल रहा है। उन्होंने वीडियो में, "अब मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं, मुझे हर प्रकार से ठीक करने के लिए कड़ी मेहनत की जा रही है। मुझे लगता है कि मैं जल्द ही वापस आऊंगा और यह जो अभियान शुरू हुआ था, मैं उस अभियान को समाप्त करने के लिए तत्पर हूं।''

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "हम देखेंगे कि आने वाले कुछ दिनों में क्या होगा। मुझे लगता है कि यही असली परीक्षा है।"

गौरतलब है कि ट्रम्प और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प (50) को शुक्रवार को कोविड-19 जांच में संक्रमित पाए गए। ट्रंप ने शनिवार सुबह को ट्वीट किया था, ‘‘ मैं समझता हूं कि सही चल रहा है। आप सभी को धन्यवाद। प्यार। ''राष्ट्रपति ट्रंप को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जबकि उनकी पत्नी व्हाइट हाउस में ही इलाज करा रही हैं। कॉनली ने कहा कि चिकित्सा विशेषज्ञों ने राष्ट्रपति के इलाज के लिए रेमडेसिविर थैरेपी की अनुशंसा की है।

 

TAGS: डोनाल्ड ट्रंप, कोरोना वायरस, वीडियो संदेश, कोविड 19, अमेरिका, Donald Trump, Coronavirus, covid 19, Trump Video Message
OUTLOOK 04 October, 2020
Advertisement