Advertisement
02 November 2016

मतदान से पहले क्लिंटन और ट्रंप में छिड़ी विज्ञापन जंग

गूगल

इश्तिहारी जंग ऐसे वक्त छेड़ी गई है जब क्लिंटन कैंपेन विदेश मंत्री के रूप में हिलेरी क्लिंटन के निजी ईमेल सर्वर के उपयोग पर एफबीआई के बयान के प्रभावों से निबटने के लिए संघर्ष कर रहा है। नवीनतम जनमत सर्वेक्षणों में ट्रंप की लोकप्रियता में सुधार हो रहा है। कई राष्ट्रीय जनमत संग्रहों में वह हिलेरी के करीब होते दिख रहे हैं। ऐसी स्थिति में चुनाव का नतीजा इस पर निर्भर करेगा कि अहम राज्य किस उम्मीदवार का पक्ष लेते हैं। हिलेरी और ट्रंप के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनावी दौरों के मद्देनजर ओहायो और फ्लोरिडा प्रांत चुनावी नक्शे पर प्रमुखता ग्रहण करते दिख रहे हैं। मतदान से पहले वाले हफ्ते के पहले दिन हिलेरी ने फ्लोरिडा में तीन-तीन रैलियों को संबोधित किया। ओबामा हिलेरी के लिए अभियान चलाने ओहायो में थे। ट्रंप ने पेन्सिल्वानिया में अभियान चलाया। वह अगले दो दिन के दौरान फ्लोरिडा में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। हिलेरी के बाद ओबामा भी फ्लोरिडा का रूख करेंगे। वहां वह कई रैलियों को संबोधित करेंगे।

इस बीच, हिलेरी और ट्रंप दोनों की तरफ से कल कई वीडियो कमर्शियल जारी किए गए और उम्मीद की जा रही है कि उनके समर्थक समूह इन इश्तिहारों पर चार करोड़ 20 लाख डालर (तकरीबन 280 करोड़ 71 लाख रुपये) की विशाल रकम खर्च करेंगे। ट्रंप के अभियान ने च्वाइस के नाम से एक टेलीविजन कमर्शियल जारी किया।

हिलेरी फॉर अमेरिका भी नए विज्ञापन जारी कर रहे हैं जिसमें रिपब्लिकन मतदाता कह रहे हैं कि महिलाओं के प्रति ट्रंप के रूख के बाद वह किस तरह हिलेरी का समर्थन कर रहे हैं।

भाषा

OUTLOOK 02 November, 2016
Advertisement