Advertisement
21 September 2025

डोनाल्ड ट्रंप ने खुद के लिए नोबेल पुरस्कार की मांग की; फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने की बात दोहराई

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को व्यापार के माध्यम से सुलझाने का एक बार फिर दावा किया और कहा कि उन्हें ‘‘सात युद्धों को समाप्त कराने’’ के लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।

ट्रंप ने यहां तक कहा कि उन्होंने सात बड़े युद्धों को समाप्त कराया है और इसके लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। ट्रंप ने शनिवार को अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट फाउंडर डिनर में कहा, 'दुनिया में अमेरिका को अब पहले से कहीं ज्यादा सम्मान मिल रहा है। हम शांति समझौते कर रहे हैं और युद्ध रोक रहे हैं। हमने भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध रोके हैं।'

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को व्यापार के जरिए रुकवाया। 'सोचिए भारत और पाकिस्तान के बारे में। मैंने उनसे कहा कि अगर वे लड़ाई करेंगे तो हम उनके साथ कोई व्यापार नहीं करेंगे। उनके पास परमाणु हथियार हैं और अगर वे व्यापार चाहते हैं, तो उन्हें शांति बनाए रखनी होगी।' ट्रंप ने दावा किया कि इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम हो गया। बता दें कि ट्रंप लगभग 20 से ज्यादा मौकों पर भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रोकने का दावा कर चुके हैं। जबकि भारत ने शुरुआत से स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच आपसी बातचीत के बाद संघर्ष रोका गया है और इसमें किसी तीसरे देश ने मध्यस्थता नहीं की है।

Advertisement

डोनाल्ड ट्रंप ने इस दौरान उन देशों की सूची भी गिनाई, जहां उन्होंने युद्ध रोकने का दावा किया। इसमें 'भारत-पाकिस्तान, थाईलैंड-कंबोडिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, कोसोवो-सर्बिया, इस्राइल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया और रवांडा-कांगो... हमने ये सभी युद्ध रोके। इनमें से 60% युद्ध हमने केवल व्यापार के जरिये रोके।'

राष्ट्रपति ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें बताया गया कि अगर वह रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म कर देते हैं, तो उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिल सकता है। इस पर ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा, 'मैंने कहा कि मैंने सात युद्ध रोके हैं। एक युद्ध रोकने पर पुरस्कार मिलेगा और सात युद्धों पर कुछ नहीं? मुझे सातों के लिए सात नोबेल पुरस्कार मिलने चाहिए।'

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Donald Trump, demands Nobel Prize, India-Pakistan conflict
OUTLOOK 21 September, 2025
Advertisement