Advertisement
11 August 2020

अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया

एपी

अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त यह गोलीबारी हुई, उस वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रेस वार्ता कर रहे थे। घटना के बाद ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद एक बयान जारी कर इस खबर की पुष्टि की। हालांकि, ट्रंप ने बताया कि किसी शख्स को गोली लगी है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

स्थिति नियंत्रण में आने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी दी कि व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी हो रही थी। लगता है कि सबकुछ अच्छी तरह से नियंत्रण में कर लिया गया है। मैं गुप्त सेवा के कर्मचारियों को हमेशा उनकी त्वरित और बहुत प्रभावी कार्रवाई के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा। किसी को अस्पताल ले जाया गया है। लगता है कि उस शख्स को सीक्रेट सर्विस द्वारा गोली मार दी गई थी।

Advertisement

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के लोग प्रेस वार्ता की शुरुआत होने के कुछ ही समय बाद राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर ले कर चले गए, जिसके कुछ समय बाद ट्रंप वापस आए और उन्होंने घटना की जानकारी पत्रकारों को दी।

यूएस सीक्रेट सर्विस की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि सीक्रेट सर्विस के अधिकारी के गोलीबारी की घटना में शामिल होने को लेकर जांच की जा रही है। एक शख्स और सीक्रेट सर्विस के अधिकारी दोनों को अस्पताल भेजा गया है। इस घटना के दौरान किसी भी समय व्हाइट हाउस परिसर का सुरक्षा घेरा नहीं तोड़ा गया और न ही कोई अन्य प्रकार का खतरा था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Donald Trump, Evacuated, Presser, Shooting, White House, अमेरिका, व्हाइट हाउस, गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप, सुरक्षित स्थान, ले जाया गया
OUTLOOK 11 August, 2020
Advertisement