Advertisement
27 May 2020

भारत-चीन के बीच सीमा विवाद पर डोनाल्ड ट्रंप ने की मध्यस्थता करने की पेशकश

एपी

भारत और चीन के बीच सीमा पर जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने मध्यस्थता की पेशकश की है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ने दोनों देशों से कहा है कि हम सीमा विवाद को लेकर मध्यस्थता करने के लिए तैयार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट कर यह बात कही है।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता की बात भी कर चुके हैं। हालांकि भारत ने उनके प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया था। अब ट्रंप ने चीन के साथ मध्यस्थता की बात कही है।

'दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को कम करने के लिए मध्यस्थता को तैयार'

Advertisement

भारत और चीन के बीच लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले के हल के लिए मध्यस्थ बनने की पेशकश की है। ट्रंप ने आज एक ट्वीट में कहा, 'हमने चीन और भारत दोनों से कहा है कि अमेरिका दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को कम करने के लिए मध्यस्थता करना चाहता है और इसके लिए तैयार है।' 

बता दें कि लद्दाख में चीन के साथ सटी भारतीय सीमा पर तनाव जारी है। दोनों पक्षों ने यहां जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। इस विवाद को लेकर चीन के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारतीय सीमा पर हालात कुल मिलाकर स्थिर और नियंत्रण में हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि दोनों देशों के पास बातचीत और विचार-विमर्श करके मुद्दों को हल करने के लिए उचित तंत्र और संचार माध्यम हैं।

वार्ता के जरिए तनाव कम करने की कोशिश

बातचीत के जरिए तनाव को कम करने की कोशिशों के बावजूद पैंगोंग त्सो और गलवां घाटी में भारत-चीनी सैनिकों के बीच तनाव कम होने के संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों पक्ष विवाद को सुलझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला है। दोनों सेनाएं पैंगोंग त्सो, गलवां घाटी और डेमचोक के विवादित क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही हैं। 

मंगलवार को पीएम मोदी ने की थी रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक

यह विवाद इतना बढ़ चुका है कि एक ओर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रक्षा अधिकारियों के साथ इसे लेकर बैठक की थी तो दूसरी ओर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपनी सेना को युद्ध की तैयारियां तेज करने का निर्देश दे दिया था। भारत ने इस संबंध में स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि वह किसी भी किसी भी तरह के आक्रामक रवैये के आगे नहीं झुकेगा। 

ट्रंप ने कश्मीर मुद्दे पर भी की थी मध्यस्थता करने की बात

इससे पहले अगस्त 2019 में ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से विवाद का मुद्दा रहे कश्मीर की स्थिति को लेकर भी मध्यस्थता करने की पेशकश की थी। ट्रंप ने तब कहा था कि कश्मीर बेहद उलझी हुई जगह है। यहां हिंदू और मुसलमान दोनों हैं और मैं यह नहीं कह सकता हूं कि दोनों के बीच संबंध अच्छे हैं। हालांकि, तब भारत ने ट्रंप की इस पेशकश को खारिज कर दिया था।

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Donald Trump, Offers, Mediate, Border Dispute, India, China
OUTLOOK 27 May, 2020
Advertisement