Advertisement
19 November 2015

अमेरिका में भारतीयों ने पोटोमैक नदी में मनाया छठ पर्व

पीटीआइ

इनमें से कुछ लोग तो काफी दूर से बिहार के इस लोकप्रिय पर्व को मनाने के लिए वर्जीनिया पहुंचे थे। पिछले आठ साल से छठ पूजा का आयोजन कर रहे कृपाशंकर सिंह ने बताया, हम अपने जन्म स्थान से हजारों मील दूर हैं फिर भी अपनी परंपराओं को जिंदा रखने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। पेशे से साफ्टवेयर इंजीनियर सिंह पटना से ताल्लुक रखते हैं।

उन्होंने बताया, अब लोग मुझे पूरे अमेरिका से फोन करते हैं और छठ पूजा के बारे में विस्तृत जानकारी मांगते हैं। इस साल कुछ परिवारों ने पोटोमैक नदी पर काटेज भी बुक करायी ताकि वे दोनों दिन त्यौहार में शामिल हो सकें।

ग्रेटर वाशिंगटन मेट्रोपोलिटन एरिया के जाने-माने भारतीय अमेरिकी समुदाय के सदस्य कुमार सिंह ने बताया, मैं लोगों का उत्साह देखकर हैरान हूं। अन्य पर्व-त्यौहारों के विपरीत जिन्हें हम सप्ताहांत में मनाते हैं, यह एकमात्र भारतीय पर्व है जिसे वास्तविक दिवस में ही मनाया जाता है। लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में इसमें लोगों ने भाग लिया। कई तो अपने काम से छुट्टी लेकर आए और पोटोमैक नदी पर छठ पूजा में शामिल हुए।

Advertisement

इसकी शुरुआत को याद करते हुए कृपा शंकर सिंह ने बताया कि करीब आठ साल पहले उनकी मां ने उनकी पत्नी अनिता से कहा कि वह पीढ़ियों से चली आ रही परिवार की परंपरा को जिंदा रखने के लिए छठ पूजा की जिम्मेदारी संभालें। सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने दोस्तों और भारतीय अमेरिकी समुदाय के अन्य लोगों से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश की कि क्या यहां कोई छठ मनाता है। इस पर उन्होंने पाया कि लोग अपने घरों के भीतर या प्लास्टिक से भरे पानी के टब में तालाब बनाकर पूजा करते हैं।

सिंह और उनके कुछ मित्र एक बार वाशिंगटन के उपनगरीय इलाके लाउंडेन कांउटी में पोटोमैक नदी पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां कंक्रीट के बोट रैम्प को देखकर उन्हें यह विचार आया कि यह छठ पूजा के लिए सही जगह हो सकती है। इसके तुरंत बाद उन्होंने लाउंडेन काउंटी पार्क और मनोरंजन विभाग से संपर्क किया और नदी तट पर छठ पूजा की अनुमति मांगी।

उन्होंने बताया, न सिर्फ  अनुमति मिल गई बल्कि लाउंडेन काउंटी भारत से बाहर इस दुर्लभ पर्व के आयोजन में भारतीय अमेरिकी समुदाय की मदद करने को लेकर उत्साहित थी। छठ पूजा में भगवान सूर्य की पूजा की जाती है और यह पर्व मुख्य रूप से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों द्वारा मनाया जाता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: छठ, अमेरिका, पर्व, पोटोमैक नदी, वर्जीनिया, वाशिंगटन, भारतीय अमेरिकी, Chhath, US, Fiesta, Potomac River, Virginia, Washington, Indian American
OUTLOOK 19 November, 2015
Advertisement