Advertisement
22 November 2019

अमेरिकी कांग्रेस सदस्य ने कहा- इस्लामिक आतंकी जम्मू-कश्मीर में फैला रहे हैं आतंकवाद

अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का समर्थन करते हुए कहा है कि मुस्लिम आंतकियों से समूचे जम्मू-कश्मीर और भारत के दूसरे हिस्सों में खतरा बना हुआ है। अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों को इस मामले में भारत का साथ देना चाहिए।

भारत को आतंकवाद से गंभीर खतरा

कांग्रेस सदस्य फ्रांसिस रूनी ने कहा कि भारत क्षेत्रीय और भू-राजनैतिक खतरों से जूझ रहा है। इस्लामिक आतंकी समूचे जम्मू कश्मीर और देश के दूसरे हिस्सों में आंतक फैला रहे हैं, इसलिए भारत के लिए आतंकवाद लगातार खतरा बना हुआ है। हमें आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर भारत का समर्थन करना चाहिए।

Advertisement

आतंकवाद पर भारत का साथ देना चाहिए

सहयोगी देश भारत के साथ महत्वपूर्ण रिश्तों को अहमियत देने पर अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के पटल पर भाषण देते हुए फ्लोरिडा के रिपब्लिक कांग्रेस सदस्य रूनी ने कहा कि हाल में उनकी मुलाकात अमेरिका में भारतीय राजदूत हर्ष वर्धन सिंगला से हुई। उनके साथ भारत के समक्ष मौजूद चुनौतियों और अमेरिका के साथ द्विपक्षीय रिश्तों पर बातचीत हुई।

चीन की हरकतों से भी भारत को परेशानी

भारतीय राजदूत ने बताया कि भारत के खिलाफ चीन का आक्रामक रुख बढ़ता जा रहा है और वह समूचे इंडो-पैसेफिक क्षेत्र में वह अपना प्रभाव बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। चीन भारत के पड़ोस में स्थित देशों पर अपना प्रभाव बढ़ाकर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। वह पड़ोसी देशों में कर्ज के जाल में फंसाकर उनके बंदरगाहों पर कब्जा कर रहा है। श्रीलंका का हम्बंटोटा पोर्ट प्रोजेक्ट इसका ताजा उदाहरण है। भारत को अपने पश्चिमी पड़ोसी देश पाकिस्तान की शत्रुतापूर्ण हरकतों से भी सावधाना रहना होता है।

अमेरिका के लिए भारत अहम कारोबारी भागीदार

उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका का महत्वपूर्ण कारोबारी भागीदार है। अमेरिका के कारोबार में भारत की हिस्सेदारी इस समय तीन फीसदी है। यह हिस्सा लगातार बढ़ रहा है। दूसरी ओर भारत के लिए अमेरिका दूसरा सबसे बड़ा कारोबारी भागीदार है। इसमें अमेरिकी हिस्सेदारी 16 फीसदी है। हमें भारत के साथ कारोबारी रिश्तों को मजबूत करने को काम करते रहना चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Islamic insurgents, JK, US lawmaker, kashmir, terrorism, China, US congressmen
OUTLOOK 22 November, 2019
Advertisement