Advertisement
09 April 2022

2+2 समिट: भारत-अमेरिका के बीच वार्ता से पहले व्हाइट हाउस का बयान, कहा- दुनिया में हमारे रिश्ते सबसे अहम

भारत और अमेरिका के बीच अगले सप्ताह से शुरू होने जा रही ‘2+2’ वार्ता से पहले व्हाइट हाउस की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का मानना है कि भारत-अमेरिका के रिश्ते दुनिया में सबसे अहम है और उम्मीद है कि होने वाली वार्ता हमारे रिश्तों को और बेहतर बनाएगी।

इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि यह वार्ता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगी। जेन साकी ने कहा कि, ‘2+2’ वार्ता के दौरान रूस-यू्क्रेन युद्ध के कारण ऊर्जा और खाद्य संकट पर भी दोनों देशों के बीच बातचीत होगी।

दरअसल, यह वार्ता रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री स्तरीय है। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर अमेरिका की यात्रा करेंगे और सोमवार को इस समिट में भाग लेंगे।

Advertisement

वहीं, व्हाइट हाउस के सलाहकार भारतीय मूल के दलीप सिंह की भारत यात्रा को लेकर भी व्हाइट हाउस की ओर से बयान जारी किया गया है। जेन साकी ने कहा कि, दलीप सिंह ने भारत यात्रा के दौरान रूस से तेल आयात को लेकर भारत को कोई चेतावनी नहीं दी थी, बल्कि उन्होंने भारतीय पक्ष के साथ सकारात्मक वार्ता की थी। उन्होंने कहा कि भारत रूस की तुलना में अमेरिका से अधिक ऊर्जा आयात करता है।

दरअसल, दलीप सिंह ने भारत यात्रा के दौरान कथित रूप से कहा था कि यदि चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करता है तो भारत को यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि रूस उसकी मदद करेगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Joe Biden, believes ties, with India, most important relationships, White House
OUTLOOK 09 April, 2022
Advertisement