Advertisement
22 January 2021

कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति बनने से भारत-अमेरिका रिश्तों पर क्या होगा असर, व्हाइट हाउस ने दिया जवाब

अमेरिका में नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के शपथ लेने के बाद अन्य देशों के साथ सम्बन्ध को लेकर चर्चाएं तेज है। इस बीच व्हाइट हाउस ने कहा है कि कमला हैरिस के अमेरिका का उपराष्ट्रपति बनने से भारत और अमेरिका के बीच संबंध और मजबूत होंगे।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे द्विदलीय कामयाब संबंधों का सम्मान करते हैं। गौरतलब है कि बाइडन ने बुधवार को अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

बाइडन प्रशासन में भारत-अमेरिका संबंध पर एक प्रश्न के उत्तर में साकी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन कई बार भारत की यात्रा कर चुके हैं। वह भारत और अमेरिका में नेताओं के बीच लंबे समय से चले आ रहे कामयाब द्विदलीय संबंध का सम्मान करते हैं, उसकी अहमियत समझते हैं। बाइडन प्रशासन इसे आगे बढ़ाने की दिशा में आशान्वित है।’’

Advertisement

उन्होंने कहा कि भारतीय मूल की कमला हैरिस के उपराष्ट्रपति बनने से यह संबंध और मजबूत होगा। साकी ने कहा, ‘‘बाइडन ने उनका (हैरिस का) चुनाव किया है और वह पहली भारतवंशी हैं जो अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनी हैं। निश्चित रूप से यह इस देश में हम सभी के लिए न केवल एक ऐतिहासिक लम्हा है बल्कि इससे हमारे रिश्ते भी और प्रगाढ़ होंगे।’’

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अमेरिका भारत, कमला हैरिस, भारत-अमेरिका रिश्ता, व्हाइट हाउस, Kamala Harris, vice president, India-US relationship, white house
OUTLOOK 22 January, 2021
Advertisement