Advertisement
06 May 2015

भारतीय राजदूत ने अमेरिका में संभाला प्रभार

गूगल

अमेरिका के 24वें भारतीय राजदूत हाल तक फ्रांस में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक पेरिस यात्रा में उनकी एक प्रमुख भूमिका रही थी। सिंह राष्ट्रपति बराक ओबामा के समक्ष अपने औपचारिक दस्तावेज बाद में पेश करेंगे। विदेश सेवा के 1979 बैच के अधिकारी सिंह दो साल पहले तक वाशिंगटन में भारतीय दूतावास में मिशन उप प्रमुख के रूप में तैनात थे। इस पद पर वह अक्तूबर 2008 से अप्रैल 2013 तक रहे। अपनी दूरदर्शी रणनीतिक सोच के लिए पहचाने जाने वाले सिंह ने वाशिंगटन में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत-अमेरिका के संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

वह अवधि ओबामा प्रशासन के पहले कार्यकाल की थी। उस कार्यकाल के दौरान सिंह ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की वर्ष 2009 में हुई अमेरिका यात्रा और फिर एक साल बाद वर्ष 2010 में राष्ट्रपति ओबामा की भारत यात्रा से संबंधित दायित्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिंह संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में वर्ष 1993 से 1997 तक सलाहकार के रूप में न्यूयार्क में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अप्रैल 2005 से सितंबर 2008 तक वह इस्राइल में भारत के राजदूत रह चुके हैं।

वह कई देशों में भारतीय राजनयिक के रूप में काम कर चुके हैं, जिनमें तत्कालीन सोवियत संघ (1981-1982), इथोपिया (1982-1985) और जापान (1985-1988) शामिल हैं। वह 30 अप्रैल को वाशिंगटन डीसी पहुंच गए थे। सिंह रूसी और जापानी भाषा बोल लेते हैं। उन्हें फ्रेंच और हिब्रू का भी कुछ ज्ञान है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: भारतीय राजदूत, अमेरिका, अरूण कुमार सिंह, फ्रांस, नरेंद्र मोदी, पेरिस यात्रा, बराक ओबामा, भारतीय दूतावास, वाशिंगटन, indian ambassador, US, arun kumar singh, france, narendra modi, paris travel, barack obama, embassy of india, washington
OUTLOOK 06 May, 2015
Advertisement