Advertisement
23 April 2018

नग्न बंदूकधारी ने अमेरिका में की गोलीबारी

नग्न बंदूकधारी ने अमेरिका में की गोलीबारी

बंदूक पर नियंत्रण के ल‌िए कानून की मांगों के बीच अमेरिका में गोलीबारी की एक और घटना हुई है। अबकी बार एक नग्न बंदूकधारी ने एक रेस्तरां में गोलीबारी कर चार लोगों को मार डाला। घटना टेनेसी राज्य की राजधानी नैशविले के बहारी इलाके की है।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो लोगों का इलाज चल रहा है। रविवार को तड़के हुई इस घटना को लेकर शुरुआत में  पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी नग्न था। रायफल छीने जाने के बाद वह पैदल ही भाग गया। वह एक श्वेत व्यक्ति है और उसके सिर पर छोटे बाल हैं।

बाद में हमलावर की पहचान इलिनोयस प्रांत के मोर्टन निवासी 29 साल के ट्रेविस रीनकिंग के तौर पर की गई। स्‍थानीय पुलिस प्रवक्‍ता डॉन आरों ने बताया कि रीनकिंग एक पिकअप ट्रक में पहुंचा था और रेस्‍टोरेंट के बाहर जमा लोगों पर गोली चला दी। इसके बाद वह रेस्‍टोरेंट के भीतर गया और वहां भी गोलियां चलाई। पुलिस ने एक एआर-15 रायफल की तस्‍वीर भी जारी की है और बताया कि इसका इस्‍तेमाल गोली चलाने के लिए किया गया।

Advertisement

बीते साल अक्‍टूबर में लास वेगास में हुई गोलीबारी को भी एआर-15 रायफल से ही अंजाम दिया गया था, जिसमें 58 लोगों की मौत हो गई थी। फ्लोरिडा के एक स्‍कूल में इस साल फरवरी में हुई गोलीबारी में भी  एआर-15 रायफल का ही इस्‍तेमाल किया गया था। इसमें 17 छात्रों और स्‍कूल कर्मचारियों की मौत हुई थी। इसके बाद से अमेरिका में बंदूक पर नियंत्रण की मांग ने जोर पकड़ लिया है। एबीसी न्यूज और वाशिंगटन पोस्ट के सर्वे के मुताबिक 62 फीसदी अमेरिकी बंदूक पर नियंत्रण के पक्ष में हैं।

TAGS: अमेरिका, गोलीबारी, नग्न बंदूकधारी, बंदूक नियंत्रण, Nude gunman, Tennessee restaurant, shooting, AR-15
OUTLOOK 23 April, 2018
Advertisement