Advertisement
18 June 2015

अमेरिका में ऐतिहासिक ब्लैक चर्च में गोलीबारी, नौ मरे

एपी

चर्च के अंदर आठ लोग मारे गए जबकि एक को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया। पुलिस एक संदिग्ध की तलाश कर रही है। चार्ल्सटन के मेयर जोए रिले ने बताया, हम अभी सूचना जुटा रहे हैं इसलिए इस संबंध में अभी ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।

उन्होंने एक बयान में कहा, मैं कहूंगा कि इस ऐतिहासिक चर्च में हुई यह एक बेहद दर्दनाक त्रासदी है जिसके बारे में कुछ कहने के लिए शब्द नहीं हैं। एक व्यक्ति ने वहां प्रार्थना करने आए लोगों की जान ली। स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे चर्च में गोलीबारी हुई और उस समय वहां एक बैठक हो रही थी। साउथ कैरोलिना की गवर्नर हेली ने कहा कि उनका परिवार पीड़ितों और इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहा है। राज्य के इतिहास में यह गोलीबारी की अब तक की सबसे भीषण घटनाओं में से एक है। हेली ने अपने एक बयान में कहा, हमें अभी तक इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है। हम यह कभी नहीं समझ पाएंगे कि हमारे पूजा स्थल में किसी के प्रवेश करने और लोगों की जान लेने के पीछे क्या मंशा रही होगी। उन्होंने कहा, कृपया पीड़ितों के परिवारों और अन्य परिवारों को हमारे प्यार और प्रार्थना के जरिये इस गम से उबारने में हमारी मदद करें।

 

Advertisement

पुलिस ने कहा कि वह करीब 20 वर्षीय दुबले-पतले श्वेत पुरुष की तलाश कर रही है जिसने दाढ़ी नहीं रखी है। पीडि़तों के बारे में अभी तक कोई सूचना जारी नहीं की गई है। बाद में पुलिस अधिकारियों को एक व्यक्ति को ले जाते देखा गया, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि क्या वही संदिग्ध बंदूकधारी था। इलाके के ऊपर हेलिकॉप्टरों को मंडराते हुए भी देखा गया। 19वीं सदी का इमैनुएल अफ्रीकन मेथॉडिस्ट एपिस्कोपल चर्च अमेरिका के सबसे प्राचीन गिरजाघरों में से एक है। चर्च के संस्थापकों में से एक डेनमार्क वेसी 1822 के असफल दासता विद्रोह के एक नेता थे।

 

TAGS: अमेरिका, ब्लैक चर्च, गोलीबारी, मरे, निकी हेली, गवर्नर, साउथ कैरोलिना, बंदूकधारी, USA, the Black church, firing, dead, Nikki Haley, Governor, South Carolina, gunmen
OUTLOOK 18 June, 2015
Advertisement