Advertisement
17 May 2018

एक बार फिर ट्रंप ने दिया विवादित बयान, प्रवासियों को बताया 'जानवर'

एक बार फिर ट्रंप ने दिया विवादित बयान, प्रवासियों को बताया 'जानवर' | File Photo

आए दिन किसी ना किसी विवाद के चलते चर्चा में रहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। ट्रंप ने कुछ अवैध प्रवासियों की तुलना आज ‘जानवर’ से की।

उन्होंने अमेरिका के प्रवासी कानूनों को ‘बेकार’ बताते हुए उनकी आलोचना की और कहा कि केवल योग्यता के आधार पर लोगों को अमेरिका में शरण देनी चाहिए। अभी तक पोर्न स्टार मामले से पूरी तरह बाहर भी नहीं निकल पाए थे कि ट्रंप एक ओर विवाद में फंस गए हैं।

ये आदमी नहीं बल्कि जानवर हैं: ट्रंप

Advertisement

मैक्सिको और कैलिफोर्निया के अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए ट्रंप ने अमेरिका के ‘कमजोर’ प्रवासी कानूनों को मजबूत करने का आह्वान किया। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कैलिफोर्निया सैंक्चुरी स्टेट राउंडटेबल के दौरान कहा, ‘हमारे देश में लोग आ रहे हैं या आने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनमें से बहुतों को रोक रहे हैं। आप यकीन नहीं करेंगे कि ये लोग कितने बुरे हैं, ये आदमी नहीं बल्कि जानवर हैं।’

कमजोर कानूनों के कारण लोग तेजी से देश के अंदर आ रहे हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हम उन लोगों को एक स्तर तक देश से बाहर ले जा रहे हैं और इतनी संख्या में बाहर ले जा रहे हैं जो पहले कभी नहीं हुआ। इन कमजोर कानूनों के कारण वे तेजी से देश के अंदर आ रहे हैं, हम उन्हें छोड़ रहे हैं और वे दोबारा आ रहे हैं। यह बेवकूफाना है।’

देश के बेकार कानूनोंको जिम्मेदार ठहराया

ट्रंप ने देश में बड़ी संख्या में अवैध प्रवासियों के आने के लिए देश के ‘बेकार कानूनों’ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने हाल के महीनों में कांग्रेस से बार-बार अपील की है कि वह मैक्सिको सीमा पार करके अमेरिका आने वाले प्रवासियों की संख्या रोकने के लिए कड़े कानून लागू करें।

उन्होंने कहा कि कैलिफोर्निया के कानून अवैध प्रवासी अपराधियों, ड्रग डीलरों, गिरोह सदस्यों और हिंसक लुटेरों को समुदायों में छोड़ देने के लिए मजबूर करते हैं।

योग्यता के आधार पर लोगों को कानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश दिया जाए

ट्रंप ने कहा, ‘कैलिफोर्निया के कानून धरती पर सबसे कुख्यात और हिंसक अपराधियों जैसे कि एमएस-13 आपराधिक गिरोह के सदस्यों को पनाहगाह देते हैं जिससे निर्दोष पुरुष, महिलाओं और बच्चों को इन निर्दयी अपराधियों के रहमो करम पर छोड़ दिया जाता है।’ उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि लोगों को योग्यता के आधार पर कानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश दिया जाए।

TAGS: Trump, calls, some illegal, immigrants, as "animals"
OUTLOOK 17 May, 2018
Advertisement