Advertisement
21 May 2016

अमेरिका: व्हाइट हाउस के बाहर हथियारबंद व्यक्ति को पुलिस ने मारी गोली

एपी

अमेरिका के अतिसुरक्षित व्हाइट हाउस के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिसर के करीब पहुंच चुके एक हथिारबंद शख्स के रुकने से इनकार करने पर अमेरिकी सिक्रेट सर्विस एजेंटों को गोली चलाने पर मजबूर होना पड़ा। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास की एक घंटे से अधिक समय तक कड़ी घेराबंदी की। सीक्रेट सेवा ने बताया कि यह घटना कल अपराह्न तीन बजकर छह मिनट पर उस समय हुई जब व्हाइट हाउस के निकट ई स्ट्रीट में बंदूक लिए एक वयस्क पुरूष एक जांच चौकी पर पहुंचा। इस स्थान पर आम लोगों को जाने की अनुमति है। ड्यूटी पर तैनात सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने आरोपी को रुकने और हथियार गिराने संबंधी चेतावनी कई बार दी। जिसे उस शख्स ने अनसुना कर दिया। इसके बाद सुरक्षा बलों को उस शख्स पर गोली चलाने पर मजबूर होना पड़ा। सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने घटनास्थल से हथियार बरामद कर लिया है। गंभीर रूप से घायल हुए उस शख्व्यस को पास केही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

घटना के बाद एहतियातन व्हाइट हाउस की तत्काल घेराबंदी कर दी गई। व्हाइट हाउस के दरवाजों पर ताले लगा दिए गए और लाफायेते स्क्वैयर तथा परिसर के आस-पास स्वचालित हथियारों से लैस एजेंट तैनात कर दिए गए।घटना के समय राष्ट्रपति बराक ओबामा परिसर में नहीं थे। वह उस समय एंड्रयूज एयरफोर्स बेस में गोल्फ खेलने गए हुए थे। हालांकि घटना के समय उपराष्ट्रपति जो बाइडेन परिसर में ही मौजूद थे जिन्हें सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने त्तकाल अतिरिक्त सुरक्षा में ले लिया। आरोपी की कार सेवेंटींथ स्ट्रीट और कांस्टीट्यूशन एवेन्यू के पास खड़ी मिली। संघीय एजेंटों को तलाश के दौरान वाहन के निकट से एक अन्य हथियार मिला। संघीय जांच ब्यूरो और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रारंभिक जांच के अनुसार बताया कि इस घटना का आतंकवाद से कोई ज्ञात संबंध नहीं है। इस संबंध में कल देर रात जारी बयान में कहा गया, इस घटना के पीछे के मकसद के बारे में जांच की जा रही है।

Advertisement

 

व्हाइट हाउस में हालिया वर्षों में सुरक्षा उल्लंघन संबंधी कई घटनाएं हुई हैं। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने पिछले महीने ही एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था जिसने व्हाइट हाउस की बाड़ पर एक पिट्ठू बैग कथित रूप से फेंका था और इसके बाद वह अवरोधक पर चढ़ गया था। इससे पहले ईराक युद्ध के दौरान सेना में सेवारत उमर गोंजालेज ने वर्ष 2014 में व्हाइट हाउस की बाड़ लांघ दी थी और वह इमारत की ओर भागा था। उसी वर्ष एक बच्चा बाड़ के द्वार से घुस आया था और उसे लॉन में रोका गया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अमेरिका, राष्ट्रपति, व्हाइट हाउस, हथियारबंद व्यक्ति, सिक्रेट सर्विस, बाराक ओबामा, उपराष्ट्रपति, जो बाइडेन
OUTLOOK 21 May, 2016
Advertisement