Advertisement
11 April 2015

लखवी की रिहाई पर अमेरिका ने जताई गहरी चिंता

पीटीआइ

विदेश मंत्रालय के कार्यकारी प्रवक्ता जेफ राथके ने यहां संवाददाताओं से कहा हम मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड लखवी की जमानत पर रिहाई को लेकर बहुत चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि महीनों से चले आ रहे और हालिया तथा कूछ घटनाक्रम को लेकर उन्होंने अपनी चिंताओं से पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया था।

राथके ने कहा आतंकी हमले सभी देशों की सामूहिक सुरक्षा और संरक्षा पर हमला हैं। पाकिस्तान ने मुंबई आतंकी हमले के षड्यंत्रकारियों, फायनेन्सरों और प्रायोजकों को न्याय के दायरे में लाने के लिए सहयोग का संकल्प जताया और हम पाकिस्तान से उस प्रतिबद्धता का पालन करने का आग्रह करते हैं ताकि छह अमेरिकियों सहित हमले में मारे गए 166 बेकसूर लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित हो सके।

सवालों का जवाब दे रहे राथके ने लखवी को रिहा कर अपनी प्रतिबद्धता का पालन न करने के लिए पाकिस्तान को भुगतने वाले नतीजों के बारे में टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा हम इस घटनाक्रम के बारे में बहुत चिंतित हैं। राथके ने कहा मैं (षड्यंत्रकारियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए) समय सीमा तय नहीं करने जा रहा।

Advertisement

लेकिन निश्चित रूप से मुंबई आतंकी हमलों के षड्यंत्रकारियों को न्याय के दायरे में लाना एक मुख्य प्राथमिकता है और हम इस पर कायम हैं। इसलिए हम इस दिशा में काम करते रहेंगे, लेकिन फिलहाल मेरे पास बताने के लिए कुछ खास नहीं है। छह साल तक हिरासत में रहने के बाद 55 वर्षीय लखवी जेल से बाहर आ गया। गुरूवार को ही पाकिस्तान की एक अदालत ने उसे रिहा करने का आदेश दिया था। उस पर आरोप है कि 26-11 के मुंबई हमले के दौरान वह पाकिस्तान में नियंत्रण कक्ष में बैठकर लश्कर ए तैयबा के आतंकियों को निर्देश दे रहा था।

लश्कर ए तैयबा के संस्थापक और जमात उद दवा के प्रमुख हाफिज सईद के रिश्तेदार लखवी को दिसंबर, 2008 में गिरफ्तार किया गया था। उसे 26-11 के हमले के सिलसिले में 25 नवंबर, 2009 को अभ्यारोपित किया गया था। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गयी थी। इस मामले की सुनवाई 2009 से चल रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मुंबई हमले, जकी-उर-रहमान लखवी, अमेरिका, पाकिस्तान, 26-11, राथके, आतंकी हमला, दुनिया
OUTLOOK 11 April, 2015
Advertisement