Advertisement
13 July 2015

ग्रीस को मिलेगा बेलआउट, यूरोजोन के साथ हुआ समझौता

यूनान के बेलआउट पर समझौता, यूरोजोन से हटने का खतरा टला | AP/file photo

इस एेतिहासिक समझौते से यूनान फिलहाल यूरो क्षेत्र की एकल मुद्रा व्यवस्था से बाहर होने से बच गया है। रात भर चली शिखर वार्ता के बाद यूरोजाेन के नेता यूनान को बेलआउट पैकेज देने पर सहमत हो गए हैं। यूरोपीय संघ के अध्‍यक्ष डोनाल्‍ड टस्‍क ने बताया कि सर्वसम्‍मति से यूनान को बेलआउट देने पर समझौता हुआ है। सभी यूनान को वित्तीय सहायता देने वाली यूरोपीय स्थिरता प्रणाली यानी ईएसएम कार्यक्रम के लिए तैयार हैं।  

मिली जानकारी के अनुसार, यूनान के वामपंथी प्रधानमंत्री एलेक्सिस सिप्रास 17 घंटे की वार्ता के बाद 86 अरब पौंड (96 अरब डॉलर) के राहत पैकेज के बदले कड़े सुधारों को अमल में लाने पर सहमत हो गए। यह कर्ज यूनान को तीन साल के लिए मिलेगा। पिछले पांच साल में यूनान को मिलने वाला तीसरा बेलआउट पैकेज है। यूरोपीय संघ के अध्‍यक्ष डोनाल्‍ड टस्‍क ने सोमवार को ट्वीट कर बताया कि ग्रीस के लिए बेलआउट पर हम सभी एकमत हो गए हैं। ग्रीस पर यह सहमति उसके द्वारा गंभीर सुधारों को लागू करने और वित्‍तीय सहयोग के साथ बनी है। 

 

Advertisement

यूनान को लागू करने होंगे कड़े आर्थिक सुधार 

यूरोपीय देशों की मदद के बदले यूनान को कई कड़े आर्थिक सुधारों को लागू करना पड़ेगा। इसमें लेबर, वैट, टैक्‍स, निजीकरण और पेंशन से जुड़े सुधार प्रमुख हो सकते हैं। यूनान को निजीकरण के लिए करीब 56 अरब डॉलर की असेट एक अलग फंड में देनी पड़ सकती है। इस बारे में यूरोजोन के वित्‍त मंत्री जल्‍द ही नियम स्‍पष्‍ट करेंगे। यूनान के बेलआउट पर समझौते के बाद जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल ने कहा कि ग्रीस को पेंशन सिस्‍टम में सुधार लाने होंगे। ग्रीस को तीन साल में 8600 से 8700 करोड़ यूरो दिए जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि समझौते की शर्तें सख्‍त होंगी। उधर, यूनान भी बुधवार तक आर्थिक सुधार के लिए जरूरी कानून पास कर देगा।

 

- एजेंसी इनुपट 

 

 

 
 
TAGS: यूनान, राहत पैकेज, बेलआउट, यूरोपीय संघ, आर्थिक सुधार, यूरोजोन
OUTLOOK 13 July, 2015
Advertisement