Advertisement
19 July 2021

पाकिस्तान में दर्दनाक बस हादसा, 30 की मौत- 40 घायल, ज्यादातर मजदूर ईद-उल-अजहा मनाने घर जा रहे थे

| File Image

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के डेरा गाजी खान जिले में सोमवार को एक यात्री बस और ट्रेलर ट्रक की टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक घायल हो गए। इसमें ज्यादातर मजदूर ईद-उल-अजहा मनाने के लिए अपने गृहनगर जा रहे थे।

बस सियालकोट से राजनपुर जा रही थी, जब लाहौर से लगभग 430 किलोमीटर दूर डेरा गाजी खान जिले में ताउनसा बाईपास के पास सिंधु राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई।

अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर यात्री मजदूर थे जो बुधवार को ईद-उल-अजहा मनाने अपने गृहनगर जा रहे थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सा कर्मचारियों ने उनके पहुंचने पर 18 लोगों की मौत की पुष्टि की।

Advertisement

पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है, लेकिन अब तक पीड़ितों के लिए किसी भी तरह के मुआवजे का ऐलान नहीं किया गया है।

पाकिस्तान के सूचना और प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने एक ट्वीट में पुष्टि की है कि डेरा गाजी खान के पास दुर्घटना में कम से कम 30 लोगों की जान चली गई है। उन्होंने सार्वजनिक वाहन चालकों से यात्रियों की सुरक्षा के लिए सावधानी से वाहन चलाने की अपील की।

एक घायल यात्री के हवाले से एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऐसा लगता है कि बस के चालक को नींद आ गई और दुर्घटना के कारण वाहन ने नियंत्रण खो दिया। 

 

TAGS: पाकिस्तान, बस हादसा, 30 लोगों की मौत, पाकिस्तान बस हादसा, pakistan, bus accident, 30 killed, pakistan bus accident
OUTLOOK 19 July, 2021
Advertisement