Advertisement
07 May 2018

अगवा भारतीयों को छुड़ाने के लिए कबायली प्रमुखों के साथ बात कर रहे अफगान अधिकारी

Symbolic Image

अफगानिस्तान में सुरक्षा अधिकारी अगवा किए गए सात भारतीय इंजीनियरों की रिहाई के लिए स्थानीय कबायली सरदारों के साथ संपर्क में हैं और इस दिशा में काम कर रहे हैं।

पीटीआई के मुताबिक, सातों भारतीय इंजीनियरों का रविवार को तालिबान के बंदूकधारियों ने अशांत उत्तरी बगलान प्रांत में अपहरण कर लिया था। 

प्रांतीय पुलिस के प्रवक्ता जबीउल्ला शूजा ने बताया कि आरपीजी समूह की कंपनी केईसी इंटरनेशनल के भारतीय इंजीनियर एक बिजली उप केंद्र के निर्माण की परियोजना पर काम कर रहे थे।

Advertisement

सातों इंजीनियर कल कार्य की प्रगति का जायजा लेने जा रहे थे। चश्मा ए शीर इलाके में उग्रवादियों ने उनका अपहरण कर लिया। शूजा ने बताया कि इंजीनियरों को ले जा रहा उनका अफगान वाहन चालक भी लापता है। इन लोगों की रिहाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

प्रांत में सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अपहृत भारतीय इंजीनियरों की रिहाई के लिए अफगान बल, सरकारी अधिकारी और स्थानीय कबायली सरदार प्रयास कर रहे हैं।

प्रांतीय गवर्नर अब्दुल नेमती ने बताया कि सुरक्षा बल और स्थानीय अधिकारी लापता इंजीनियरों और उनके वाहन चालक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि लापता भारतीय इंजीनियरों और उनके वाहन चालक को शीघ्र ही रिहा कर दिया जाएगा।

बगलान के गवर्नर ने कल कहा था कि आतंकी समूह ने भारतीय इंजीनियरों और उनके वाहन चालक का यह सोच कर अपहरण किया कि वे सरकारी कर्मचारी हैं। अभी तक किसी भी समूह ने अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है।

नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने कहा था कि वह अफगानिस्तान में प्राधिकारियों से संपर्क बनाए हुए है। वर्ष 2016 में काबुल में 40 वर्षीय भारतीय राहत कर्मी जुडिथ डिसूजा का अपहरण कर लिया गया था। उसे 40 दिन बाद रिहा किया गया था। भारत ने युद्ध से जर्जर अफगानिस्तान को आर्थिक विकास के लिए कम से कम 2 अरब डालर की सहायता मुहैया कराई है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Afghanistan, 7 indians, taliban, baghlan
OUTLOOK 07 May, 2018
Advertisement