Advertisement
04 April 2020

दुनियाभर में मरने वालों का आंकड़ा 60 हजार के पार, 190 देशों में 11 लाख से ज्यादा संक्रमित

FILE PHOTO

दुनिया भर में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की संख्या 60 हजार पार कर गई है। यानी मौत का आंकड़ा 60,874 पर पहुंच गया है। वहीं, 190 देशों में अब तक कोविड-19 के मामले 11 लाख 39 हजार हो गए हैं। अमेरिका में सात हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस बीच पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत हुई है और दोनों नेताओं ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई पूरी ताकत के साथ इस्‍तेमाल करने पर सहमति व्यक्त की है।

अमेरिका कोरोना वायरस के आगे पस्त होता दिख रहा है। शुक्रवार को सबसे अधिक 1480 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले अमेरिका में 24 घंटे में 1169 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना वायरस के चलते अमेरिका में तकरीबन पौने तीन लाख लोग संक्रमित हैं। यह आंकड़ा अन्य देशों के मुकाबले कहीं अधिक है। इसके अलावा अब तक 7406 लोगों की मौत हो चुकी है और लगातार बढ़ रही है। वहीं, अन्य देशों की बात करें तो कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले में जर्मनी ने चीन को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार शाम तक जर्मनी में संक्रमण के मामले 89,451 हो गए। वहीं चीन में अब तक कुल 81,620 मामले आए हैं। मौतों के मामले में दुनिया भर में इटली और स्पेन सबसे ज्यादा प्रभावित देश हैं।

फ्रांस में 24 घंटों में 588 लोगों की मौत

Advertisement

फ्रांस के अस्पतालों में कोरोना वायरस (कोविड-19) से पिछले 24 घंटों में 588 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही यहां मरने वालों की संख्या 5,000 से ज्यादा हो गई है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार नेशनल पब्लिक हेल्थ सर्विस के मुखिया जेरोम सेलोमोन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। एक मार्च के बाद से 5,091 लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इनमें 83 फीसदी लोगों की उम्र 70 साल से ज्यादा है। फ्रांस के रिटायरमेंट होम्स में इसी दौरान 1,416 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही मरनेवालों की संख्या 6,507 हो गई है।

भारत में अब तक 75 की मौत

भारत में अब तक कुल 3,072  लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, इनमें से 75 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 213 लोग ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटों में 601 नए मामले सामने आए हैं। मंत्रालय ने कहा कि 17 राज्यों में तबलीगी जमात से जुड़े 1,023 कोरोना मरीज सामने आए हैं। अब तक सामने आए 30 फीसदी मामले तबलीगी जमात से जुड़े हुए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 04 April, 2020
Advertisement