Advertisement
16 June 2025

पीएम मोदी ने साइप्रस को 'अटूट मित्र' बताया, अगले पांच साल का जारी किया रोडमैप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत और साइप्रस दोनों देशों के बीच सहयोग को रणनीतिक दिशा प्रदान करने के लिए एक मजबूत रोडमैप विकसित करेंगे। उन्होंने भारत के सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनने के लिए साइप्रस के समर्थन तथा सीमापार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के निरंतर समर्थन की सराहना की।

साइप्रस के राष्ट्रपति के साथ संयुक्त प्रेस वक्तव्य के दौरान पीएम मोदी ने कहा "दो दशक के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने साइप्रस का दौरा किया है। यह भारत-साइप्रस साझेदारी में एक नया अध्याय लिखने का अवसर है।" राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस और मैंने द्विपक्षीय वार्ता की। साइप्रस के विजन 2035 और भारत के विकसित भारत 2047 में समानताएं हैं। इसलिए हम अपने साझा विकास की दिशा में मिलकर काम करेंगे। अगले पांच वर्षों में, हम अपने सहयोग को रणनीतिक दिशा प्रदान करने के लिए एक मजबूत रोडमैप विकसित करेंगे"

उन्होंने कहा, "रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए द्विपक्षीय रक्षा सहयोग कार्यक्रम के तहत रक्षा उद्योग पर जोर दिया जाएगा। साइबर और समुद्री सुरक्षा पर एक अलग वार्ता शुरू की जाएगी।"

Advertisement

उन्होंने साइप्रस के राष्ट्रपति को उनके गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा, "कल साइप्रस की धरती पर कदम रखते ही राष्ट्रपति जी और साइप्रस के लोगों ने जो स्नेह दिखाया है, उसने मेरे दिल को छू लिया है। अभी कुछ देर पहले ही मुझे साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और साइप्रस की अटूट मित्रता की मुहर है। इसके लिए मैं एक बार फिर हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।"

उन्होंने कहा, "हम सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में साइप्रस के निरंतर समर्थन के लिए आभारी हैं। आतंकवाद, मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए हमारी एजेंसियों के बीच वास्तविक समय पर सूचना के आदान-प्रदान के लिए एक तंत्र विकसित किया जाएगा।"

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ इस वर्ष के अंत तक मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) संपन्न करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा "मैंने राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ हमारे दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों पर चर्चा की। मैंने इस संबंध में व्यापारिक समुदाय के भीतर उत्साह और तालमेल की भावना देखी। भारत और यूरोपीय संघ इस वर्ष के अंत तक एक मुक्त व्यापार समझौते को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। इस वर्ष की शुरुआत में, भारत-साइप्रस-ग्रीस व्यापार और निवेश परिषद का शुभारंभ किया गया था। ये पहल हमारे देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगी।"

उन्होंने साइप्रस को भारतीय पर्यटकों के लिए "पसंदीदा गंतव्य" बताया और कहा कि उनके लिए सीधा हवाई संपर्क बनाने पर जोर दिया जाएगा।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: India Cyprus relationship, Narendra Modi, India Cyprus strategic relation, India turkey relation, Middle east politics, International warfare
OUTLOOK 16 June, 2025
Advertisement