Advertisement
30 May 2018

जकार्ता में भारतीय समुदाय से बोले मोदी, देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता

रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करेंगे भारत-इंडोनेशिया, 15 समझौतों पर हस्ताक्षर | twitter

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय समुदाय से कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता देश को भ्रष्टाचार मुक्त और विकास के अनुकूल बनाना है। उऩ्होंने कहा कि देश के लोगों की आशाओं-अपेक्षाओं के अनुरूप हमनें गुड गवर्नेंस पर बल दिया है, मिनिमम गवर्नमेंट-मैक्सिम गवर्नेंस पर बल दिया है। हम सिटीजन फर्स्ट के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। सरकार ग्राउंड लेवल पर जाकर प्रशासनिक, वित्तीय और कानूनी कदम उठा रही है।:

मोदी ने कहा कि बीते चार वर्षों में सवा सौ करोड़ भारतीयों के प्रतिनिधि के रूप में मैं दुनिया में जहां-जहां भी मैं गया, मेरा प्रयास रहा है कि आप जैसे उन लाखों बंधुओं और बहनों से मिलूं जिनका मूल भारत भूमि में है। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया का संस्कृत और संस्कृति का रिश्ता है। आप सभी जो इंडोनेशिया में आज रच बस गए है, हमारे इस रिश्ते की मजबूत कड़ी हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे बड़ी खुली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। भारत में रिकॉर्ड स्तर पर विदेशी निवेश हो रहा है। भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग 300 बिलियन डॉलर से बढ़कर 400 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है।

Advertisement

रणनीतिक साझेदारी और मजबूत करेंगे भारत-इंडोनेशिया, 15 समझौतों पर हस्ताक्षर

इससे पहले. भारत और इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमत हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान देशों के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, विज्ञान और तकनीक, रेलवे और स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर 15 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो से मुलाकात भी की। प्रधानमंत्री ने उनके साथ समुद्र, यात्रा और निवेश समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। जोको विदोदो के साथ बातचीत के बाद मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक लेकर जाएंगे। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडोनेशिया में हाल में हुए आतंकी हमले में निर्दोष नागरिकों के मारे जाने का हमें गहरा दुख है। भारत इस प्रकार के हमलों की कड़ी निंदा करता है और इस मुश्किल घड़ी में भारत इंडोनेशिया के साथ मजबूती के साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की पंचशील फिलॉसफी यहां के लोगों के विवेक और दूरदर्शिता का एक जीता जागता सबूत है। मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया वर्ष 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक पहुंचाने के लिए प्रयासों को दोगुना करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत-आसिआन साझेदारी ना सिर्फ हिंद-प्रशांत क्षेत्र बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी शांति की गारंटी बन सकती है।

इससे पहले मोदी का मरडेका पैलेस में भव्य स्वागत हुआ। स्वागत समारोह के दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से भी मुलाकात की।

मोदी ने उड़ाई पतंग-देखें वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो के सात यहां एक पतंग प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने पतंग भी उड़ाई।


TAGS: India, Indonesia, Comprehensive, Strategic, Partnership, narendra modi, Joko Widodo
OUTLOOK 30 May, 2018
Advertisement