Advertisement
01 March 2018

PNB घोटाला: ED ने अटैच की मेहुल चोकसी की 1217 करोड़ की संपत्ति

File Photo

पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार सुबह मेहुल चोकसी और उसकी कंपनी की 1217.20 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कीं।

ईडी ने मेहुल चोकसी की कुल 41 संपत्तियां अटैच कीं, जिनमें मुंबई में 15 फ्लैट और 17 ऑफिस हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश सेज में मैसर्स हैदराबाद जेम्स, कोलकाता में एक शॉपिंग मॉल, अली बाग में फॉर्म हाउस और महाराष्ट्र व तमिलनाडु में 231 एकड़ जमीन शामिल है। ईडी नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

 

Advertisement

इससे पहले बुधवार को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने नीरव मोदी ग्रुप की 4 प्रॉपर्टी अटैच कीं। इसमें 13 करोड़ रुपए कीमत का अलीबाग स्थित फार्महाउस और अहमदनगर में 70 करोड़ रुपए कीमत का सोलर प्लांट शामिल है। इसके अलावा आईटी ने गीतांजलि ग्रुप के 1.45 करोड़ बैलेंस के 34 बैंक खाते और एफडी अटैच कीं।

आयकर विभाग ने नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। वहीं, सीबीआई ने पीएनबी महाघोटाले को लेकर चल रही जांच के दौरान एक और गिरफ्तारी की है। सीबीआई ने एमके शर्मा को गिरफ्तार किया है, जो चीफ ऑडिटर रैंक का अधिकारी है। शर्मा को आज मुंबई कोर्ट में पेश किया जाएगा। वह मुख्य प्रबंधक स्तर के अधिकारी है। जानकारी के मुताबिक, यह बैंक के किसी ऑडिटर की पहली गिरफ्तारी है।

TAGS: PNB Scam, ED attaches 41 properties, worth Rs 1217.20 crore, of Mehul Choksi
OUTLOOK 01 March, 2018
Advertisement